May 30, 2026
image

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को बेगूसराय में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक नियंत्रक मापतौल कार्यालय के लिपिक पुष्कर कुमार को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
आरोप है कि उसने बटखारा (वजन माप मानक) लाइसेंस के नवीनीकरण के बदले 5000 रुपये की घूस मांगी थी।
निगरानी विभाग की इस कार्रवाई के बाद मापतौल कार्यालय समेत पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में पटना निगरानी थाना में कांड संख्या 62/26 दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार, बेगूसराय के सहायक नियंत्रक मापतौल कार्यालय में एक व्यवसायी का बटखारा लाइसेंस नवीनीकरण का मामला लंबित था।
व्यवसायी कई दिनों से कार्यालय का चक्कर लगा रहा था, लेकिन उसका काम नहीं हो पा रहा था।
आरोप है कि इसी दौरान लिपिक पुष्कर कुमार ने फाइल आगे बढ़ाने के बदले 5000 रुपये रिश्वत की मांग की।
बार-बार पैसे की मांग से परेशान व्यवसायी ने इसकी शिकायत पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से कर दी। शिकायत मिलते ही विभाग ने मामले की गुप्त जांच शुरू कर दी। निगरानी विभाग ने शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई।
इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष धावा दल का गठन किया गया।
पूरी कार्रवाई की योजना बेहद गोपनीय तरीके से तैयार की गई ताकि आरोपी को भनक न लगे। टीम ने व्यवसायी को तय रकम के साथ आरोपी के पास भेजा। सोमवार को पूर्व निर्धारित योजना के तहत व्यवसायी घूस की रकम लेकर मापतौल कार्यालय पहुंचा।

जैसे ही उसने आरोपी लिपिक पुष्कर कुमार को 5000 रुपये दिए, पहले से घात लगाए निगरानी विभाग की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी हैरान रह गए।
निगरानी टीम आरोपी को तुरंत अपने साथ लेकर चली गई।
निगरानी विभाग के अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ विभाग की जीरो टॉलरेंस नीति है।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद ही कार्रवाई की गई। फिलहाल आरोपी लिपिक से सर्किट हाउस में पूछताछ की जा रही है।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे पटना के विशेष निगरानी न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद सरकारी दफ्तरों में रिश्वतखोरी को लेकर फिर से चर्चा तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *