आमस थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार की रात एक नाबालिग के साथ पांच लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपितों में पीड़ित बच्ची का चचेरा भाई भी शामिल है। सोमवार की सुबह जब यह मामला सामने आया, तो पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म में शामिल चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों में से एक तीन बच्चों का पिता है। मामले में पीड़िता के माता-पिता के बयान पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस सब इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार ने बताया कि आरोपितों में सनोज, अनुज, शिशुपाल और साजन को गिरफ्तार किया गया है। एक अन्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटनास्थल पर खून के धब्बे पाए गए हैं। पीड़िता के अनुसार, जब वह घर से शौच के लिए खेत में गई, तो पांच लोग, जिनमें चार गांव के निवासी और एक डेकोरेशन संचालक शामिल थे, उसके पास पहुंचे। उन्होंने मुंह बंदकर सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म किया। आरोपितों ने उसे धमकी दी कि यदि उसने किसी को बताया, तो जान से मार देंगे। घर पहुंचकर पीड़िता ने स्वजन को पूरी बात बताई, जिन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की। सब इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार ने पुष्टि की कि चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। घटनास्थल पर शेरघाटी डीएसपी और फारेंसिक टीम भी पहुंची और खून के धब्बे का नमूना लिया।
