September 28, 2026
images (1)

नई दिल्ली के आईटीओ स्थित आईजी इंडोर स्टेडियम में रविवार सुबह हिंदी पखवाड़ा 2026 के तहत 92वें ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ का आयोजन किया गया। सुलभ इंटरनेशनल के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को सक्रिय और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में एंड्योरेंस एथलीट, अल्ट्रा-रनर, साइकिलिस्ट और पर्वतारोही सबिता महतो, फिटनेस मॉडल एवं मिसेज इंडिया 2019 किरण छिल्लर तथा फिट इंडिया एंबेसडर डॉ. प्रेम प्रकाश मीणा समेत साइकिलिंग और फिटनेस प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति की शपथ ली और स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इसके बाद साइकिल रैली को औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

सुलभ इंटरनेशनल के वरिष्ठ सलाहकार और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी जी.पी. उपाध्याय ने एक बयान में कहा कि रविवार की सुबह इतनी बड़ी संख्या में लोगों का एकत्र होना उत्साहजनक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के फिट रहने और साइकिल चलाने के आह्वान के साथ-साथ कार्यक्रम में नशामुक्ति की शपथ भी ली गई। उन्होंने कहा कि फिटनेस और स्वच्छता के संदेश को एक साथ आगे बढ़ाना महत्वपूर्ण है और स्वच्छ भारत मिशन को लगातार जारी रखना चाहिए, क्योंकि स्वच्छता स्वस्थ समाज और फिटनेस दोनों की बुनियाद है।

फिट इंडिया एंबेसडर डॉ. प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि ‘संडेज ऑन साइकिल’ अभियान का यह 92वां संस्करण है और इसमें युवाओं का उत्साह देश में उभरते नए फिटनेस आंदोलन को दर्शाता है।

पर्वतारोही सबिता महतो ने युवाओं को नियमित फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि केवल रविवार को ही नहीं बल्कि हर दिन कम-से-कम आधा घंटा फिटनेस के लिए देना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी काम को लगातार 21 दिनों तक करने से वह आदत बन सकती है, इसलिए जीवन में अच्छी आदतों का निर्माण बेहद जरूरी है।

रविवार सुबह करीब 5:30 बजे शुरू हुई फिटनेस गतिविधियों में 1,000 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने साइकिलिंग के साथ योग, जुंबा और रस्सी कूद जैसी गतिविधियों में भी भाग लिया। इसके बाद प्रतिभागियों ने स्टेडियम के आसपास 5 किलोमीटर की दौड़ और साइकिलिंग राइड में हिस्सा लिया।

कार्यक्रम स्थल पर एक विशेष गेम जोन भी बनाया गया था, जहां कैरम और शतरंज जैसे बोर्ड गेम के साथ बैडमिंटन, रस्साकशी और बाधा दौड़ जैसी खेल एवं फिटनेस गतिविधियां आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ इन गतिविधियों में हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *