July 22, 2026
education

नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपने उत्कृष्ट शैक्षणिक और तकनीकी कौशल का लोहा मनवाया है। विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के डिप्लोमा (मैकेनिकल एवं इलेक्ट्रिकल) वर्ग के कुल 32 विद्यार्थियों का चयन प्रतिष्ठित ऑटोमोटिव एवं इंजन निर्माता कंपनी टाटा कमिन्स प्राइवेट लिमिटेड, जमशेदपुर में ‘अप्रेंटिसशिप’ पद पर हुआ है। चयनित विद्यार्थियों को ₹2.4 लाख प्रति वर्ष का सीटीसी प्रदान किया गया है। इस ऐतिहासिक और गौरवमयी उपलब्धि पर नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने चयनित छात्रों, उनके अभिभावकों और विश्वविद्यालय के शिक्षकों को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी का सदैव यह ध्येय रहा है कि हम अपने छात्रों को  किताबी ज्ञान न दें, बल्कि उन्हें उद्योग की आधुनिक आवश्यकताओं और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप तैयार करें। हमारे 32 विद्यार्थियों का टाटा कमिन्स जैसी वैश्विक स्तर की प्रतिष्ठित कंपनी में चयनित होना इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि हमारी शैक्षणिक नीतियां और व्यावहारिक प्रशिक्षण सही दिशा में अग्रसर हैं।

टाटा समूह अपनी प्रतिबद्धता, तकनीकी उत्कृष्टता और नैतिक मूल्यों के लिए जाना जाता है। टाटा कमिन्स में अप्रेंटिसशिप प्राप्त करना हमारे डिप्लोमा मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल के छात्रों के करियर का एक महत्वपूर्ण और निर्णायक मोड़ साबित होगा। यहाँ मिलने वाला व्यावहारिक अनुभव उनके पेशेवर जीवन की एक मजबूत नींव रखेगा। मैं सभी चयनित छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल और स्वर्णिम भविष्य की कामना करता हूँ और यह विश्वास व्यक्त करता हूँ कि वे अपने कार्यक्षेत्र में विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेंगे।  कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणी जी ने भी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह क्षण नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी परिवार के लिए अत्यंत गर्व और संतोष का विषय है। डिप्लोमा मैकेनिकल एवं इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के 32 छात्रों का टाटा कमिन्स जैसी बहुराष्ट्रीय और प्रतिष्ठित कंपनी में चयन होना हमारे संकाय सदस्यों की कड़ी मेहनत, दूरदर्शिता और विद्यार्थियों के समर्पण का प्रतिफल है। वर्तमान समय में उद्योगों की मांग तेजी से बदल रही है।

ऑटोमोटिव और हैवी इंजीनियरिंग सेक्टर में आधुनिक तकनीकों का समावेश हो चुका है। हमारे फैकल्टी और ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल ने विद्यार्थियों के तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ उनके सॉफ्ट स्किल्स, एप्टीट्यूड और इंटरव्यू स्किल्स पर लगातार कार्य किया है। नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी जमशेदपुर, झारखंड और पूरे पूर्वी भारत में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शत-प्रतिशत प्लेसमेंट सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने आश्वस्त किया है कि आने वाले समय में अन्य कोर इंजीनियरिंग शाखाओं, मैनेजमेंट, फार्मेसी, आईटी और बेसिक साइंसेज के विद्यार्थियों के लिए भी देश-विदेश की अग्रणी कंपनियों में कैंपस ड्राइव आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *