भागलपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ पोस्ट की टीम ने इंस्पेक्टर एके गिरि के नेतृत्व में शराब तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया. गुप्त सूचना मिली थी कि साहेबगंज-जमालपुर पैसेंजर ट्रेन के जरिए अवैध शराब की खेप लाई जा रही है. सूचना मिलते ही स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ा दी गई और टीम को अलग-अलग बोगियों में तैनात किया गया. आरपीएफ इंस्पेक्टर के अनुसार ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही टीम ने सभी बोगियों की सघन तलाशी शुरू कर दी. जांच के दौरान एक सीट के पास संदिग्ध अवस्था में रखे दो बैग मिले. बैग की जांच करने पर उसमें भारी मात्रा में देशी और विदेशी शराब बरामद हुई.
सर्चिंग के दौरान बैग के पास मौजूद दो महिलाओं को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में दोनों महिलाओं ने शराब ले जाने की बात स्वीकार कर ली. इसके बाद आरपीएफ टीम ने दोनों महिला तस्करों को गिरफ्तार कर लिया. आरपीएफ ने बरामद 72 बोतल शराब को जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद दोनों गिरफ्तार महिलाओं और जब्त शराब को आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग भागलपुर को सौंप दिया गया. आरपीएफ अधिकारियों का कहना है कि रेलवे मार्ग से शराब तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है. संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए स्टेशन और ट्रेनों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है.
