पूर्व मध्य रेल के विभिन्न रेलखंडों में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मई के दौरान विशेष अभियान चलाकर अवैध चेन पुलिंग और महिला कोच में
यात्रा करने वाले पुरुष यात्रियों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की। 4,236 लोगों को हिरासत में लिया गया और उनसे 13.81 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।
ऑपरेशन ‘समय पालन’ के तहत एक से 31 मई के बीच चेन पुलिंग के आरोप में 1,175 लोगों को हिरासत में लिया गया। इनसे जुर्माने के रूप में 5.02 लाख रुपये वसूले गए। चेन पुलिंग के मामलों में सबसे अधिक 602 लोग दानापुर मंडल में पकड़े गए। इसके अलावा समस्तीपुर मंडल में 239, पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में 147, सोनपुर मंडल में 100 तथा धनबाद मंडल में 87 लोगों को हिरासत में लिए गए हैं। मई में 3,061 पुरुष यात्रियों को महिला कोच में यात्रा करने के आरोप में लिया गया। उनसे 8.79 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया। महिला कोच में यात्रा करने वालों के विरुद्ध की गई कार्रवाई में दानापुर मंडल सबसे आगे रहा, जहां 1,442 पुरुष यात्री पकड़े गए।
इसके बाद पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में 865, धनबाद मंडल में 333, समस्तीपुर मंडल में 290 तथा सोनपुर मंडल में 131 यात्रियों को हिरासत में लिया गया।
