November 17, 2026
WhatsApp Image 2026-11-17 at 10.27.43 AM

झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर टाटा स्टील की ओर से आयोजित पांच दिवसीय जनजातीय सम्मेलन ‘संवाद’ का आगाज रविवार को गोपाल मैदान में 301 नगाड़ों की थाप के साथ हुआ। नगाड़ों की सामूहिक थाप ने पूरे मैदान को उत्सव के माहौल से सराबोर कर दिया। इस अनूठे आयोजन के साथ आदिवासी संस्कृति, परंपरा और लोककला का भव्य प्रदर्शन देखने को मिला।
उद्घाटन अवसर पर विभिन्न जनजातीय समुदायों के कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में एक से बढ़कर एक आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नगाड़ों की गूंज और पारंपरिक लोकनृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम को देखने के लिए शहरवासियों की भारी भीड़ उमड़ी। देर रात तक गोपाल मैदान में लोगों का आना-जाना लगा रहा।
इस अवसर पर टाटा स्टील की निदेशक भारती गुप्ता, कंपनी के सीईओ एवं ग्लोबल प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन, वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदररामम सहित कंपनी के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न जनजातीय समुदायों के प्रतिनिधियों में हो समुदाय से गणेश पाट पिंगुवा, भूमिज समुदाय के प्रधान उत्तम सिंह सरदार, संजीव भगत, उरांव परगना नंदलाल महाली व खड़िया समुदाय के परगना सोमरा खड़िया समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।‘संवाद’ के आगाज के साथ ही गोपाल मैदान जनजातीय संस्कृति, परंपरा और सामुदायिक एकजुटता के रंग में रंग गया। पांच दिवसीय सम्मेलन में देश के 23 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 353 जनजातीय समुदायों के करीब 2,500 प्रतिनिधि शामिल होंगे। सम्मेलन में आदिवासी पहचान, पारंपरिक ज्ञान, शिक्षा, भाषा संरक्षण, शासन व्यवस्था, प्रतिनिधित्व और सामुदायिक विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।
इस वर्ष का आयोजन झारखंड राज्य स्थापना के 26वें वर्ष व धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर हो रहा है। सम्मेलन में देशभर के आदिवासी समुदायों को अपनी संस्कृति, परंपराओं, अनुभवों व आकांक्षाओं को साझा करने का अवसर मिलेगा। संवाद-2026 में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) की 15 प्रतिशत भागीदारी होगी, जबकि 55 प्रतिशत प्रतिभागी पहली बार इस सम्मेलन में शामिल होंगे। सम्मेलन की तैयारी के तहत अप्रैल 2026 से देशभर में 21 क्षेत्रीय संवाद, कार्यशालाएं और विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 6,000 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया।
आदिवासी खानपान से लेकर संगीत और हस्तशिल्प तक दिखेगी विविधता
सम्मेलन में आदिवासी जीवनशैली और सांस्कृतिक विरासत के विभिन्न पहलुओं को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके तहत 14 राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश के 22 जनजातीय समुदायों के 70 होम शेफ अपने पारंपरिक व्यंजन पेश करेंगे। इनके लिए विशेष फूड स्टॉल, कुकिंग डेमो और खानपान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे। टाटा समूह की इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (ताज ग्रुप) के सहयोग से इस पहल के तहत अब तक 13 सफल खाद्य उद्यम स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि 12 नए उद्यम विकसित हो रहे हैं।
सात नए संगीत गीतों का होगा प्रदर्शन
‘रिदम्स ऑफ द अर्थ’ कार्यक्रम में आठ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 14 जनजातीय समुदायों के 43 कलाकार हिस्सा लेंगे। कलाकार ओरांव, मुंडा, राभा, बोडो, लेप्चा, संथाल और हो जनजातियों की संगीत परंपराओं से प्रेरित सात नए मौलिक गीत प्रस्तुत करेंगे।
39 फेलो प्रस्तुत करेंगे अपने विचार और शोध
संवाद फेलोशिप के तहत इस वर्ष 15 राज्यों और दो केंद्रशासित प्रदेशों के 39 फेलो अपने विचारों और परियोजनाओं को प्रस्तुत करेंगे। इस फेलोशिप के लिए 26 राज्यों और दो केंद्रशासित प्रदेशों की 99 जनजातियों से कुल 492 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
अब तक फेलोशिप के माध्यम से 64 लोगों को सहयोग दिया गया है और 79 ज्ञान एवं सांस्कृतिक उत्पाद तैयार किए गए हैं। इनमें 34 पुस्तकें, 11 ऑडियो-विजुअल डॉक्यूमेंट्री, 32 ऑडियो गीत, मणिपुर की पौमानी नागा जनजाति का एक विरासत संग्रहालय और लद्दाख के बलती व्यंजनों पर आधारित एक हेरिटेज कैफे शामिल हैं। इस वर्ष पूर्व के सात फेलो अपनी पूरी की गई परियोजनाओं पर आधारित पुस्तकों का विमोचन भी करेंगे।
142 आदिवासी कारीगर लगाएंगे 68 स्टॉल
सम्मेलन में 16 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 34 जनजातीय समुदायों के 142 कारीगर अपने हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। इसके लिए कुल 68 स्टॉल लगाए जाएंगे। आयोजकों को इस वर्ष इन स्टॉलों के माध्यम से करीब 1.50 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि संवाद-2025 में कारीगरों ने 1.06 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।
आदिवासी सिनेमा और पारंपरिक चिकित्सा पर विशेष चर्चा
‘संवाद के साथ’ मंच पर आदिवासी सिनेमा और कहानी कहने की परंपरा को प्रमुखता दी जाएगी। इसमें 60 फिल्म निर्माता, शिक्षाविद, विशेषज्ञ और सामुदायिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। 11 जनजातियों की ओर से 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से प्राप्त 63 फिल्मों में से चयनित 25 फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।
वहीं, जनजातीय पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों और स्वदेशी स्वास्थ्य ज्ञान को सामने लाने के लिए 15 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 28 जनजातीय समुदायों के 207 पारंपरिक चिकित्सक (हीलर्स) अपनी उपचार पद्धतियों और अनुभवों को साझा करेंगे।
अखड़ा में 675 प्रतिनिधि करेंगे विचार-विमर्श
‘अखड़ा’ कार्यक्रम में 26 राज्यों और दो केंद्रशासित प्रदेशों के 166 जनजातीय समुदायों के 675 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इसमें आदिवासी पहचान, शिक्षा, भाषा संरक्षण, शासन व्यवस्था और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
18 जनजातियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी आकर्षण
संवाद-2026 में 12 राज्यों के 18 जनजातीय समुदायों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। इसके अलावा 12 राज्यों के 15 जनजातीय समुदायों का प्रतिनिधित्व करने वाले 11 विशेष बैंड भी अपनी कला और संगीत से दर्शकों को आकर्षित करेंगे। इनमें तीन विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) का प्रतिनिधित्व भी शामिल होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *