May 25, 2026
image

भीषण गर्मी के बीच पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) के पुराने इमरजेंसी भवन का सेंट्रल एसी पिछले पाँच दिनों से ठप पड़ा है. इस कारण इमरजेंसी वार्ड, बर्न वार्ड, आईसीयू तथा ऑपरेशन थिएटर में चिकित्सकों और मरीजों को अत्यधिक असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उमस और गर्मी के कारण मरीजों तथा उनके परिजनों की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है. मरीजों और परिजनों की बढ़ी परेशानी
अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों का कहना है कि वार्डों के भीतर इतनी अधिक उमस है कि मरीजों को सांस लेने में कठिनाई हो रही है. विशेष रूप से बर्न वार्ड और आईसीयू में स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है। कई परिजन हाथ से पंखा झलकर मरीजों को राहत देने का प्रयास करते दिखे. अस्पताल प्रशासन की अस्थायी व्यवस्था
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने अस्थायी व्यवस्था के तहत विभिन्न वार्डों में मूविंग एसी और कूलर लगाए हैं. फिलहाल पुराने इमरजेंसी भवन में आठ मूविंग एसी और पाँच कूलर लगाए गए हैं. इनमें बर्न वार्ड में तीन एसी लगाए गए हैं. इसके अतिरिक्त ट्रायज, ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू तथा इमरजेंसी वार्ड में भी अतिरिक्त कूलिंग की व्यवस्था की गई है। हालांकि इसके बावजूद मरीजों को पूर्ण राहत नहीं मिल पा रही है. तकनीकी खराबी दूर करने का प्रयास
अस्पताल सूत्रों के अनुसार सेंट्रल एसी में आई तकनीकी खराबी को ठीक करने के लिए बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड की ओर से दिल्ली से तकनीशियन बुलाए गए हैं. पीएमसीएच अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की गई है और तकनीकी टीम लगातार मरम्मत कार्य में जुटी हुई है.उम्मीद है कि एक से दो दिनों के भीतर खराबी को दूर कर लिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *