November 12, 2026
image (5)

बिहार के नवादा जिले में एक बार फिर पुलिस टीम पर हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के सौरीपुर गांव में साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर कथित तौर पर बड़ी संख्या में लोगों ने हमला कर दिया। इस दौरान जमकर पथराव किया गया, जिसमें एक दारोगा समेत चार पुलिसकर्मियों के घायल होने की बात सामने आई है। साइबर डीएसपी शाहनवाज अख्तर ने एक पुलिस अधिकारी के घायल होने की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार, बुधवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि सौरीपुर गांव में कुछ लोग कथित तौर पर साइबर अपराध की गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि मौके पर पुलिस बल की संख्या कम थी। इसी दौरान अचानक बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए और पुलिस टीम को चारों तरफ से घेरकर हमला कर दिया। हमलावरों की ओर से जमकर पथराव किए जाने की बात सामने आई है। अचानक हुए हमले के बाद पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाकर पीछे हटना पड़ा। इसी दौरान एक दारोगा समेत चार जवानों के घायल होने की सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारियों ने तत्काल मोर्चा संभाला। इसके बाद शाहपुर, वारिसलीगंज, काशीचक और नवादा की स्पेशल पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती के बाद इलाके में कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस की ओर से भी जवाबी कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, साइबर डीएसपी शाहनवाज अख्तर ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी जाएगी। फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस की सुरक्षा और अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस की कार्रवाई में कितने लोगों की गिरफ्तारी होती है और पूरे घटनाक्रम में किन लोगों की संलिप्तता सामने आती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *