May 20, 2026
image (8)

बिहार पुलिस का ऑपरेशन लंगड़ा अभियान जारी है। इसी कड़ी में पटना पुलिस ने एक बार फिर से अपराधियों को करारा जवाब दिया है। कैश वैन लूटने वाले अपराधियों को पुलिस ने मंगलवार की सुबह-सुबह घेर लिया और उसके बाद उन्हें सरेंडर करने को कहा। अपराधी एक बाइक पर सवार होकर भाग रहे थे। पुलिस की चेतावनी के बाद भी अपराधी नहीं माने और उन्होंने फायरिंग कर दी। इसके बाद पटना पुलिस की टीम ने भी अपनी राइफल का मुंह खोल दिया और नतीजे में एक अपराधी को गोली लगी। ये एनकाउंटर पटना के उदयनी गांव में किया गया। पुलिस की गोली जिस अपराधी के पैर में लगी है उसका नाम नीतीश कुमार है। जबकि दूसरा अपराधी आदित्य कुमार भागने की कोशिश में अपना पैर ही तुड़वा बैठा। दोनों अपराधियों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। गोपालपुर थाना इलाके में हुआ एनकाउंटर
सुबह-सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से उदयनी गांव के लोग भी जाग गए और इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने इस दौरान अपराधियों की एक बाइक भी जब्त कर ली। जब लोगों को पता चला कि गोली की आवाज एनकाउंटर की थी तो उन्होंने चैन की सांस ली। गांव के लोग इस दौरान मौके पर भी पहुंच गए। सीनियर एसपी भी मौके पर पहुंचे
एनकाउंटर की खबर मिलते ही पटना के सीनियर एसपी कार्तिकेय शर्मा, सिटी एसपी ईस्ट परिचय कुमार और फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री की टीम भी मौके पर पहुंची। इस दौरान एनकाउंटर की जगह से सुराग इकट्ठे किए गए। पूरे मामले की जांच भी शुरू हो गई। उदयनी गांव उसी गोपालपुर थाना इलाके में है, जहां से कैश वैन लूटी गई थी। इसी 13 मई को गोपालपुर थाना इलाके के जोल बीघा में एक कैश वैन को रोक कर उसे लूट लिया गया था। इस दौरान कैश वैन से 27 लाख रुपये लूट लिए गए थे। कैश वैन के ड्राइवर, गनमैन और कस्टोडियन को अपराधियों ने वैन के रुकते ही गन पॉइंट पर लेकर इस वारदात को अंजाम दिया था। उसके बाद से ही पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही थी। मंगलवार को पुलिस मिले सुरागों के आधार पर उदयनी गांव पहुंची जहां उसका लुटेरों से सामना हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *