May 16, 2026
image (4)

पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में एक ऑटो चालक की हत्या का मामला सामने आया है। उसका शव रेलवे ट्रैक पर बुधवार को तीन टुकड़ों में मिला था, जिसमें सिर अब भी गायब है।

गुरुवार को युवक की पहचान 22 वर्षीय चंदन के रूप में हुई है। परिजन ने आज अनीसाबाद रोड को जाम कर हंगामा किया है।

पुलिस ने इस मामले में चंदन के दोस्त की बीवी से पूछताछ की है, जिसमें उसने कबूल किया है कि उसके पति ने चंदन की हत्या की है।
हालांकि हत्या का कारण अब भी नहीं पता है। पुलिस को आशंका है कि अवैध संबंध में हत्या की गई है।
चंदन मंगलवार से लापता था। अगले दिन, एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित रेलवे लाइन पर स्थानीय लोगों ने एक युवक का कटा हुआ शव देखा, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई।

चंदन के दादा खीरी राय ने बताया कि मंगलवार सुबह 11 बजे चंदन अपनी मां से 200 रुपये मांगकर निकला था।

परिवार को लगा कि वह ऑटो चलाने गया होगा, लेकिन चाबी घर पर ही थी। रात को घर न लौटने पर उन्होंने सोचा कि वह किसी दोस्त के घर रुका होगा। बाद में उन्हें रेलवे ट्रैक पर मिले शव के चंदन का होने की जानकारी मिली। इस मामले में पुलिस ने आरोपी छोटू कुमार की पत्नी को हिरासत में लिया है। पत्नी ने पुलिस को बताया कि उसके पति ने ही चंदन की हत्या की है। मुख्य आरोपी छोटू कुमार फिलहाल फरार है। घटना के बाद गर्दनीबाग थाना में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।
गर्दनीबाग थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। युवक के सिर की भी तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों को किसी तरह पता चला कि रात को चंदन कौशल नगर के रहने वाले छोटू के साथ था। इसके बाद उसकी पत्नी को स्थानीय महिलाओं ने पकड़ कर गर्दनीबाग थाना को सौंप दिया।

बता दें कि रेलवे ट्रैक पर तीन टुकड़ों में बिना सिर के कटा हुआ शव हवाई अड्डा थाने के पुलिस में लावारिस हालत में रेलवे ट्रैक से बरामद किया था। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए IGIMS में भेज दिया था।

आज पहचान होने के बाद परिजन ने फुलवारी अनीसाबाद मुख्य सड़क को जाम कर यातायात पूरी तरह से बाधित कर दिया। आक्रोशित परिजन लगातार मांग कर रहे थे कि सिर जल्द बरामद किया जाए।

परिजन ने शव को सड़क पर रखकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ हंगामा किया। आगजनी की, हालांकि पुलिस अधिकारी के आश्वासन के बाद यातायात व्यवस्था को सुचारू किया गया।
फिलहाल पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील है और डॉग स्क्वायड की मदद से सिर की तलाश में जुटी है।

इधर पुलिस अधिकारी एएसपी डॉ. अनु कुमारी ने बताया कि आक्रोशित परिजनों के द्वारा सड़क मार्ग बाधित किया गया था, डॉग स्क्वायड की टीम की मदद से मुंडी की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *