पटना के पीएमसीएच अस्पताल में इलाज के दौरान एक नर्स के पति की मौत हो गई, जिसके बाद अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ.जानकारी के मुताबिक, मृतक की पत्नी खुद पीएमसीएच में नर्स है.उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही, गलत दवा देने और उनके पति की मौत के बाद अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है. वहीं, यह भी आरोप है कि डॉक्टरों ने उनके और उनके बेटे के साथ मारपीट भी की. घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा.
बता दें कि पटना का पीएमसीएच अस्पताल आए दिन किसी न किसी विवाद को लेकर चर्चा में रहता है.कुछ दिन पहले ही बिहार के स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर यहां के प्राचार्य का तबादला किया गया था, जिसे लेकर भी अस्पताल सुर्खियों में था. अब यह ताजा मामला एक बार फिर पीएमसीएच की कार्यप्रणाली और मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है.अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, पीएमसीएच में कार्यरत नर्स लक्ष्मी कुमारी के पति का इलाज आईसीयू में चल रहा था.उनकी तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था.एक बार उनका डायलिसिस किया जा चुका था, लेकिन दूसरे डायलिसिस के दौरान कथित तौर पर गलत दवा दिए जाने से उनकी तबीयत और बिगड़ गई. लक्ष्मी कुमारी का आरोप है कि दवा का रिएक्शन होने के कारण उनके पति की मौत हो गई.
