September 9, 2026
bihar

सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) को यह बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि जीएसटी से संबंधित पंजीकरण एवं अन्य संबंधित मामलों के लिए जमशेदपुर में केंद्रीय प्रसंस्करण केंद्र (Central Processing Centre) स्थापित करने की उसकी लंबे समय से लंबित मांग को स्वीकार कर लिया गया है। जीएसटी विभाग द्वारा 1 अक्टूबर 2026 से जमशेदपुर में केंद्रीय प्रसंस्करण केंद्र प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया है।

अब तक जमशेदपुर कमिश्नरेट से संबंधित जीएसटी पंजीकरण एवं अन्य प्रक्रियाओं का केंद्रीय प्रसंस्करण केंद्र पटना एवं बाद में राँची में होने के कारण करदाताओं, व्यापारियों एवं जीएसटी पेशेवरों को काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ता था। जमशेदपुर में यह सुविधा उपलब्ध होने से अब पंजीकरण तथा अन्य संबंधित मामलों के निपटारे के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

यह मांग लंबे समय से सिंहभूम चैंबर द्वारा संबंधित अधिकारियों के समक्ष लगातार उठाई जा रही थी। चैंबर ने इस विषय को व्यापारिक समुदाय की सुविधा एवं जीएसटी सेवाओं के विकेंद्रीकरण से जोड़ते हुए कई अवसरों पर विभाग के समक्ष रखा था।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर सिंहभूम चैंबर के उपाध्यक्ष एवं अधिवक्ता श्री राजीव अग्रवाल तथा सचिव श्री अंशुल रिंगासिया ने कहा कि जमशेदपुर में केंद्रीय प्रसंस्करण केंद्र की शुरुआत क्षेत्र के करदाताओं, व्यापारियों और जीएसटी पेशेवरों के लिए बड़ी राहत है। इससे जीएसटी से संबंधित सेवाएं अधिक सुलभ, त्वरित, प्रभावी और सुविधाजनक होंगी।

सिंहभूम चैंबर के अध्यक्ष श्री मानव केडिया ने इस महत्वपूर्ण निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह व्यापारिक समुदाय के हित में एक महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक पहल है। उन्होंने कहा कि चैंबर की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार किया जाना यह दर्शाता है कि विभाग व्यापारियों, करदाताओं एवं जीएसटी पेशेवरों की व्यावहारिक कठिनाइयों को समझते हुए उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठा रहा है।

अध्यक्ष मानव केडिया ने बिहार एवं झारखंड जोन के मुख्य आयुक्त एवं आनंद कुमार, IRS, आयुक्त, CGST एवं CX, जमशेदपुर के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सकारात्मक दृष्टिकोण एवं सहयोग से जमशेदपुर में यह सुविधा शुरू हो पाना संभव हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *