गयाजी के कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात करीब 11 बजे कबाड़ी की एक दुकान में लगी आग ने आसपास के मकानों और अल्ट्रासाउंड सेंटर को भी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि तीन मंजिला मकान तक पहुंच गईं।
घर में रखे गैस सिलेंडरों और पास के ऋचा अल्ट्रासाउंड सेंटर में मौजूद कीमती मशीनों के कारण बड़ा हादसा होने का खतरा मंडराने लगा। सूचना पर कोतवाली थाने की पुलिस और दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
स्थानीय लोगों की मदद से मकानों में रह रहे परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। समय रहते सिलेंडर और अल्ट्रासाउंड मशीन निकाल लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना आनंदी माई मंदिर के सामने वाली सड़क शिया मस्जिद के पास की है।
जानकारी के मुताबिक, मस्जिद के पास चंदन नाम के व्यक्ति की कबाड़ी दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। दुकान में रखे कबाड़ के सामान के कारण लपटें तेजी से फैलने लगीं। आसपास की इमारतों में रहने वाले लोगों के बीच अफरातफरी मच गई। लोग अपने घरों से बाहर निकलने लगे। आग कबाड़ी दुकान से सटे एक मकान तक पहुंच गई थी। मकान में गैस सिलेंडर रखे थे। आग की चपेट में आने से पहले ही लोगों ने सिलेंडरों को बाहर निकाल लिया।
वहीं पास स्थित ऋचा अल्ट्रासाउंड सेंटर भी आग की जद में आ गया। सेंटर के अंदर रखे सामान को सुरक्षित निकालने की कोशिश की गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब 25 लाख रुपये की अल्ट्रासाउंड मशीन को भी समय रहते बाहर निकाल लिया गया। आग की चपेट में आने की आशंका को देखते हुए आसपास के मकानों के दरवाजे और खिड़कियां खोलकर लोगों को बाहर निकाला गया। तीन मंजिला मकान और आसपास की इमारतों में परिवार रहते हैं। ऐसे में दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के साथ लोगों की सुरक्षा पर भी ध्यान दिया। आग लगने की सूचना मिलते ही कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल की छह गाड़ियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में मदद की।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दमकल की टीम करीब 20 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई थी। लगातार प्रयास के बाद आग पर लगभग काबू पा लिया गया।
आग बुझने के बाद भी घटनास्थल पर धुआं उठ रहा था। पांच दमकल गाड़ियां लौट चुकी थीं, जबकि एक गाड़ी मौके पर रहकर आग को पूरी तरह बुझाने में जुटी थी। आसपास के मकानों को सुरक्षित बताया गया है। आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
हालांकि प्रथम दृष्टया व पड़ताल के बाद पटाखे की चिंगारी से आग लगने की वजह बताई जा रही है।
कबाड़ी दुकान में लगी आग की जद में आने वाले मकान मालिक संजय सिंह व अमरनाथ ने बताया कि आग की लपटें इतनी तेज भयावह थी कि पड़ोस के दोनों मकान पर खतरा मंडराने लगा। हम दोनों के घरों में अफरातफरी मच गई। सभी लोग घर छोड़ कर सड़क पर निकल गए।
वहीं ऋचा अल्ट्रासाउंड के संचालक सन्तोष कुमार उर्फ बड़े ने बताया कि आग लगने की खबर जब मिली तो उस वक्त अपने घर पर था। घर से तेजी से मौके पर पहुंचा। आग का भयंकर रूप देख कर कांप गया। आननफानन में आसपास व फायर ब्रिगेड के कर्मियों की मदद से अल्ट्रा साउंड मशीन व अन्य मेडिकल उपकरण बड़ी मशक्कत से बाहर निकाला गया। करीब एक घण्टे के अंदर आग पर फायर कर्मियों ने काबू पा लिया।
स्थानीय लोगों ने क् कहना है कि घनी आबादी के बीच करीब 4 कट्टे के प्लाट में कबाड़ की दुकान है। आबादी के बीच कबाड़ की दुकान संचालन को लेकर कई बार दुकानदार से सवाल जवाब हुए हैं लेकिन वह नहीं माना।
फायर कर्मी राहुल कुमार बबुआन ने बताया की पूरी ताकत व सूझबूझ के साथ आग पर काबू पाया गया है। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। आगे की जांच की जा रही है।
