June 26, 2026
image (5)

राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान में गुरुवार देर शाम अचानक भीषण आग लग गई. इस हादसे के दौरान परिसर में बड़ी संख्या में
छात्र-छात्राएं मौजूद थे और कक्षाएं चल रही थीं. अचानक धुआं उठता देख पूरे भवन में अफरातफरी और भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई.
छात्रों में मची भारी भगदड़:प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के समय भवन के एक हिस्से से काला धुआं निकलना शुरू हुआ था. देखते ही देखते धुएं का गुबार पूरे परिसर में फैल गया, जिससे छात्रों के बीच दहशत का माहौल बन गया. अपनी जान बचाने के लिए सैकड़ों छात्र बिना अपना सामान लिए ही क्लासरूम से बाहर की तरफ भागने लगे. राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी छात्र-छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई हताहत नहीं हुआ. सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कोचिंग संस्थान के बाहर भारी भीड़ और धुएं का गुबार साफ दिखाई दे रहा है. इस भयावह दृश्य को देखकर स्थानीय लोग भी सहम गए थे.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय कदमकुआं थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने बिना समय गंवाए त्वरित कार्रवाई शुरू की और आग व धुएं पर पूरी तरह काबू पा लिया. प्रशासन का कहना है कि यदि थोड़ी भी देरी होती तो स्थिति अत्यंत गंभीर हो सकती थी.
प्रारंभिक जांच में संस्थान के बिजली पैनल में हुए शॉर्ट सर्किट को घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है. हालांकि अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी. इसके साथ ही परिसर में मौजूद अन्य बिजली उपकरणों की भी जांच हो रही. यह घटना ऐसे समय में हुई है जब कुछ दिन पहले ही अग्निशमन विभाग ने खान ग्लोबल स्टडीज का फायर सेफ्टी ऑडिट किया था. उस जांच के दौरान इमरजेंसी एग्जिट, फायर अलार्म, ऑटोमैटिक स्प्रिंकलर और फायर डिटेक्टर जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं में भारी कमियां और खामियां पाई गई थीं. सुरक्षा मानकों में बड़ी चूक पाए जाने के बाद विभाग ने संस्थान को निर्धारित समय के भीतर खामियां दूर करने का कड़ा नोटिस जारी किया था. मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल में आग लगने से सात लोगों की मौत के बाद बिहार सरकार ने कोचिंग और अस्पतालों की जांच तेज कर दी थी.

मुसल्लहपुर हाट पटना का सबसे बड़ा शैक्षणिक केंद्र माना जाता है, जहां प्रतिदिन हजारों प्रतियोगी छात्र पढ़ाई करने पहुंचते हैं. ऐसे घने और भीड़भाड़ वाले इलाके में अगलगी की घटना किसी बड़े खतरे का रूप ले सकती है. लखनऊ समेत देश के कई शहरों में हुई घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *