October 10, 2026
Dhurandhar-grammy

आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का संगीत अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की तैयारी में है। संगीतकार शाश्वत सचदेव के तैयार किए गए फिल्म के साउंडट्रैक को 69वें वार्षिक ग्रैमी पुरस्कारों के लिए विचारार्थ भेजा गया है। टी-सीरीज और बी62 स्टूडियोज ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी शेयर की है। आगामी 7 फरवरी को होने वाले इस प्रतिष्ठित पुरस्कार समारोह से पहले फिल्म के संगीत को लेकर प्रचार अभियान भी चलाया जा रहा है।

हालांकि, ग्रैमी की फॉर योर कंसिडरेशन (एफवाईसी) सूची में शामिल होने का मतलब यह नहीं है कि फिल्म को आधिकारिक नामांकन मिल गया है। यह सूची संगीत को पुरस्कारों के लिए विचारार्थ प्रस्तुत करने की प्रक्रिया का हिस्सा है। इसके जरिए फिल्म के संगीत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की संभावना बढ़ी है। शाश्वत सचदेव को फिल्म के साउंडट्रैक के लिए ‘बेस्ट कंपाइलेशन साउंडट्रैक फॉर विजुअल मीडिया’ श्रेणी में विचारार्थ रखा गया है।

यह श्रेणी फिल्मों और अन्य दृश्य माध्यमों के लिए तैयार किए गए संपूर्ण साउंडट्रैक को पहचान देने से जुड़ी है। ऐसे में ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के संगीत का ग्रैमी की दौड़ में शामिल होना फिल्म की टीम के लिए अहम उपलब्धि माना जा रहा है। अब देखना होगा कि विचारार्थ भेजे गए इस संगीत को आगे आधिकारिक नामांकन में जगह मिलती है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *