पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर रेल मंडल कार्यालय में सोमवार दोपहर एक अधिकारी ने कर्मचारी की पिटाई कर दी। इस मामले में मंगलवार दोपहर तक कार्रवाई नहीं हुई।
कार्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब संकेत एवं दूरसंचार विभाग (एसएंडटी) के कार्यालय अधीक्षक (ओएस) प्रणय कुमार फटे कपड़ों और बदहवास हालत में डीएसटीई कक्ष से बाहर निकले। घटना के बाद मंडल कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। कार्यालय से बाहर आने के बाद प्रणय कुमार ने वहां मौजूद रेलकर्मियों को बताया कि विभाग के डीएसटीई रंजीत कुमार भास्कर ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि एक संवेदक के सामने उनकी पिटाई की गई। सूत्रों के अनुसार घटना निविदा से जुड़े वेरियेशन को लेकर हुई पूछताछ के दौरान हुई।
बताया जा रहा है कि डीएसटीई ने ओएस प्रणय कुमार को अपने कक्ष में बुलाया था, जहां एक संवेदक भी मौजूद थे। इसी दौरान वेरियेशन के मुद्दे पर बातचीत के क्रम में कथित तौर पर अपशब्दों का प्रयोग किया गया! इसका प्रणय कुमार ने विरोध किया। इसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बहस के दौरान माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। ओएस के फटे कपड़ों में कमरे से बाहर निकलने के बाद कार्यालय परिसर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
गौरतलब है कि कार्यालय अधीक्षक प्रणय कुमार दो माह बाद सेवानिवृत्त होने वाले हैं। ऐसे में मंडल स्तर के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी के बीच इस तरह का विवाद रेलवे महकमे में चर्चा का विषय बना हुआ है।
रेलकर्मियों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बनीं कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद दोनों पक्ष कानूनी सलाह लेने में जुट गए हैं। फिलहाल मंडल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है और न ही डीआरएम की ओर से हस्तक्षेप की जानकारी दी गई है।
इधर खगौल थाना के थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पहले रंजीत कुमार भास्कर की ओर से आवेदन दिया गया, उसके बाद प्रणय कुमार ने भी शिकायत दर्ज कराई।
