बेखौफ अपराधियों ने पटना-गया मुख्य मार्ग पर मंगलवार को दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
करीब 10 बजे दिन में अपराधियों ने शादी से लौट रहे एक युवक को गोली मारकर उसके गले की चेन लूट ली और फरार हो गए। घटना के बाद घायल युवक गोप जी (35) को धनरुआ पीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से पटना रेफर कर दिया गया।पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
अरवल जिले के किंंजर थाना क्षेत्र के माणिक कोठिया गांव निवासी गोप जी अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने आया था।
यहां से अपने एक साथी प्रह्लाद कुमार के साथ बाइक से घर लौट रहा था। पटना-गया मेन रोड पर दरधा पुल के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने ओवरटेक कर रोका।
इसके बाद गले की चेन लूटने का प्रयास करने लगे। इसका विरोध करने पर एक अपराधी ने गोप जी के पैर में गोली मार दी और चेन लूटकर पटना की ओर फरार हो गए। चेन करीब दो लाख रुपये की थी।
इसके बाद प्रह्लाद उसे लेकर धनरुआ पीएचसी पहुंचा। वहां प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद उसे पटना के लिए रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच-पड़ताल की। जख्मी से घटना के संबंध में जानकारी ली। गोप जी पटना के राजेंद्रनगर में जीवक हार्ट हॉस्पिटल के पास सब्जी की दुकान चलाता है।
