अहियापुर थाना क्षेत्र के कोल्हुआ पैगंबरपुर ढाब इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बाइक पर युवक का लहूलुहान शव बरामद किया गया। मृतक के सिर में आर-पार गहरा जख्म देखकर पुलिस भी हैरान है। शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि सिर में यह छेद किसी लोहे की छड़ से गोदकर किया गया है या फिर नजदीक से गोली मारी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है।
स्थानीय लोगों ने कोल्हुआ पैगंबरपुर ढाब के समीप एक बाइक पर युवक को संदेहास्पद स्थिति में बैठे देखा। जब लोग नजदीक गए तो युवक के सिर से खून बह रहा था और उसकी मौत हो चुकी थी। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय अहियापुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस ने मौके पर जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया। एफएसएल टीम ने जांच के लिए नमूने इकट्ठे किए हैं। पुलिस छानबीन में मृतक की पहचान राकेश कुमार (27 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मोतीपुर थाना क्षेत्र के जमालाबाद, चक्की भुरकुरवा ग्राम का रहने वाला था। उसके पिता का नाम फकुली भगत बताया गया है।
