पटना के फुलवारी शरीफ स्थित मझौली गांव में रविवार को एक 40 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मृतक के परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर गर्म पानी डालकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान मझौली निवासी टोनी राम (40 वर्ष), पिता प्रदीप राम के रूप में हुई है। मृतक के भाई राकेश राम ने बताया कि टोनी राम रविवार सुबह करीब 8 बजे घर से निकले थे। लगभग 11 बजे उन्हें सूचना मिली कि मंझौली मुसहरी के पास टोनी राम का शव पड़ा है।
घटनास्थल पर पहुंचने के बाद परिवार के सदस्यों ने टोनी राम को मृत पाया। राकेश राम ने आरोप लगाया कि उनके भाई की गांव के कुछ लोगों ने गर्म पानी डालकर हत्या की है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया गया है। फुलवारी शरीफ थाना प्रभारी गुलाम शहबाज आलम ने बताया कि मृतक के परिजनों द्वारा गर्म पानी डालकर हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि परिजनों से आवेदन प्राप्त होने के बाद लगाए गए आरोपों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
