बिहार के मुजफ्फरपुर में एक हाई-प्रोफाइल रिसेप्शन समारोह के दौरान करीब 50 लाख रुपये के जेवरात चोरी हो जाने से हड़कंप मच गया. घटना नगर थाना क्षेत्र के कंपनीबाग रोड स्थित क्लब की है, जहां एलएस कॉलेज की हेड मास्टर प्रो. कनुप्रिया के बेटे के वर-वधू स्वागत समारोह का आयोजन किया गया था. बताया जा रहा है कि प्रो. कनुप्रिया के बेटे की शादी 19 जून को हुई थी. शादी के बाद सोमवार रात रिसेप्शन समारोह रखा गया था, जिसमें शहर के कई वीआईपी, नेता, मंत्री, शिक्षाविद् और गणमान्य लोग शामिल हुए थे. समारोह में परिवार के कई सदस्यों के कीमती जेवरात एक बैग में सुरक्षित रखे गए थे.
कनुप्रिया के अनुसार, समारोह के दौरान दो युवक उनके पास आए और फोटो खिंचवाने की बात करने लगे. कुछ देर के लिए उनका ध्यान दूसरी ओर गया. इसी दौरान जेवरात से भरा बैग गायब हो गया. परिवार को संदेह है कि वही दोनों युवक बैग लेकर फरार हुए हैं.
परिजनों ने बताया कि चोरी हुए बैग में परिवार के कई सदस्यों के सोने-हीरे के जेवरात थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है. घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और परिजन व मेहमान बैग की तलाश में जुट गए, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली.प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, दोनों संदिग्ध युवक स्कूटी से मौके से फरार हुए हैं. सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस समारोह स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है.
