June 25, 2026
TATA STEEL

टाटा स्टील प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन के बीच लंबे समय से लंबित वेज रिवीजन समझौते पर बुधवार शाम अंतिम मुहर लग गई। दोनों पक्षों के बीच हुए इस समझौते पर हस्ताक्षर कर दिए गए। नया वेज रिवीजन समझौता 1 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2031 तक, यानी सात वर्षों की अवधि के लिए लागू रहेगा।
समझौते के तहत ओल्ड सीरीज (ओएस) ग्रेड के कर्मचारियों को 10 प्रतिशत एमजीबी (मिनिमम गारंटीड बेनिफिट) दिया गया है। वहीं न्यू सीरीज (एनएस) ग्रेड के कर्मचारियों के वेतन में एमजीबी और फिटमेंट के कारण न्यूनतम 16,111 रुपये से अधिकतम 17,944 रुपये तक की वृद्धि होगी। ओएस ग्रेड के कर्मचारियों के वेतन में न्यूनतम 18,116 रुपये से अधिकतम 30793 रुपये तक की बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा। कर्मचारियों को अधिकतम 1.36 लाख वेतन मिलेगा।
समझौते में एनएस ग्रेड कर्मचारियों के लिए डीए की प्रति प्वाइंट वैल्यू 3 रुपये यथावत रखी गई है। इसके अलावा पहली बार नेशनल पेंशन सिस्टम (एनपीएस) के लिए कर्मचारियों के वेतन से प्रतिमाह 1,000 रुपये की कटौती का प्रावधान किया गया है।
समझौते के अनुसार 1 जनवरी 2025 के बाद नियुक्त होने वाले नए कर्मचारियों को बदला हुआ एफडीए के तहत 500 रुपये प्रतिमाह की राशि मिलती रहेगी।
कई भत्तों में बढ़ोतरी
वेज रिवीजन समझौते के तहत कर्मचारियों को मिलने वाले विभिन्न भत्तों में भी वृद्धि की गई है। कॉमन अलाउंस में कुल मिलाकर 3,225 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी हुई है।
बढ़ाए गए भत्तों में एक्टिंग अलाउंस, व्हीकल मेंटेनेंस अलाउंस, यूटिलिटी अलाउंस, नाइट शिफ्ट अलाउंस, एजुकेशन अलाउंस, मोबाइल एवं इंटरनेट अलाउंस तथा पर्सनल अलाउंस शामिल हैं। यूटिलिटी अलाउंस को 550 रुपये से बढ़ाकर 800 रुपये तथा एजुकेशन अलाउंस को 600 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये किया गया है। वहीं मोबाइल एवं इंटरनेट अलाउंस 300 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये और पर्सनल अलाउंस 500 रुपये से बढ़ाकर 725 रुपये कर दिया गया है।
इसके अलावा सिक्योरिटी एवं फायर ब्रिगेड कर्मियों से जुड़े विशेष भत्तों, नर्सिंग स्टाफ के लिए लॉन्ड्री अलाउंस, एसएनटीआई के सीनियर इंस्ट्रक्टर एवं इंस्ट्रक्टरों के लिए विशेष अलाउंस तथा स्थानीय अदालतों और सरकारी कार्यालयों में कार्य से जाने वाले कर्मचारियों के लिए यात्रा भत्ता का भी प्रावधान किया गया है।
लंबे समय से कर्मचारियों की प्रतीक्षा का केंद्र बना यह वेज रिवीजन समझौता अब लागू होने के साथ ही हजारों कर्मचारियों को वेतन वृद्धि और अतिरिक्त भत्तों का लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *