विक्रमशिला सेतु बंद होने के बाद गंगा नदी के रास्ते लोगों की आवाजाही कराई जा रही है. प्रशासन ने जहाजों के चलने का समय सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक तय किया है. 8 अक्टूबर की शाम बियाडा घाट पर निर्धारित समय के बाद जहाज खुलने को लेकर हंगामा हो गया. आरोप है कि कुछ लोग घाट पर खड़े दूसरे जहाज पर चढ़ गए और उसे भी चलाने की मांग करने लगे. इस दौरान जहाज के क्रू मेंबर के साथ जमकर बहस हुई. पुलिस ने हंगामा करने वालों को हिरासत में लिया. शाम 5 बजे जहाज खुलने के बाद हुआ हंगामा
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 5 बजे बियाडा घाट से एक जहाज खुल गया. इसके बाद कुछ लोग घाट पर खड़े दूसरे जहाज पर चढ़ गए. वे उसे भी खोलने की मांग पर अड़ गए. इसी बात को लेकर जहाज के क्रू मेंबर और लोगों के बीच बहस शुरू हो गई. आरोप है कि हंगामा कर रहे लोगों ने वहां मौजूद कुछ यात्रियों को भी उकसाया. इस दौरान जहाज को नुकसान पहुंचाने की कोशिश किए जाने की बात सामने आई है. घाट पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की और हंगामा कर रहे कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया.
