पटना में रविवार को प्रेमिका के घर की छत से गिरकर प्रेमी की मौत हो गई। बताया गया कि युवक लड़की पर शादी का दबाव बना रहा था।
लड़की उसे बार-बार मना कर रही थी, इसी से नाराज होकर रविवार दोपहर वो राजीव नगर थाना क्षेत्र स्थित प्रेमिका के घर में घुसा।
घर में लड़की नहीं थी, लेकिन छत पर उसका भाई घूम रहा था। लड़की के भाई को देखते ही युवक ने फायरिंग कर दी, गोली भाई के बांह में लगी।
इस दौरान ही प्रेमी भी छत से नीचे गिर गया, जिससे उसका सिर फट गया और उसकी मौत हो गई। घटना रोड नंबर 8b/2 में अनिकेत भवन के पास की है। मृतक की पहचान मोतिहारी के रहने वाले प्रियेश रंजन(25) के रूप में हुई है। वहीं, घायल अखिलेख उर्फ राजू (26) का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबकि दोनों के बीच काफी वक्त से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती की विश्वेश्वरैया भवन में सरकारी नौकरी लग गई, जिसके बाद आरोपी जबरन उसपर शादी का दबाव बनाने लगा था।
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। मौके से एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक गोली का खोखा बरामद किया गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक दोपहर 3 बजे के करीब प्रियेश रंजन पैदल आया और घर में चला गया। जिस समय वह घर में गया, बिल्डिंग के पहले और दूसरे फ्लोर पर भी रेंटर थे। गोली चलने के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इसी बीच बिल्डिंग के लोगों ने डायल 112 को घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची तब तक प्रियेश की मौत हो चुकी थी। सिर से काफी खून बह रहा था। घर के गेट के पास उसकी बॉडी पड़ी थी।
स्थानीय लोगों की माने तो प्रियेश पास में ही रेंट पर रहता था। वहीं, लड़की का परिवार मसौढ़ी का रहने वाला है। माता-पिता मसौढ़ी में ही रहते हैं, जबकि भाई-बहन राजीव नगर के इस मकान में रेंट पर रहते हैं। लड़की की मां सरोज देवी के मुताबिक, आज दोपहर प्रियेश अचानक घर में घुसा। छत की ओर तीसरी मंजिल पर गया, जहां उनका बेटा अखिलेश (25) मौजूद था। जबकि बेटी छुट्टी में गांव गई है।
वहां पहुंचते ही युवक गोली चलाने लगा। गोली उनके बेटे की बांह में लगी, जबकि आरोपी युवक छत से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मां ने आगे बताया, प्रियेश बेटी को एक हफ्ते से शादी के लिए परेशान कर रहा था। हाल में उसकी सरकारी नौकरी लगी थी, तबसे शादी का दबाव ज्यादा बना रहा था। पुलिस की ओर से जारी प्रेस रिलीज में प्रेम प्रसंग का मामला बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों में पहले से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़की ने लड़के से बात करना बंद कर दिया था।
इसी बात की खुन्नस लेकर रविवार को वह पिस्टल लेकर प्रेमिका के घर पहुंच गया था। छत से गिरकर उसकी मौत हो गई।
