May 9, 2026
image (5)

पटना का ऐतिहासिक गांधी मैदान आज एक बार फिर बड़े ऐतिहासिक पल का गवाह बनेगा। गांधी मैदान में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का कैबिनेट विस्तार होगा और सम्राट के कई नए मंत्री अपने पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई VVIP इस क्षण के गवाह होंगे। बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.) सैय्यद अता हसनैन नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 12 बजे शुरू होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 11 बजे के आसपास पटना एयरपोर्ट पहुंच सकते हैं। जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी वहां से सड़क के रास्ते कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे। इस दौरान रास्ते में कई जगहों पर उनका स्वागत किया जाएगा।यहां बता दें कि बीते 15 अप्रैल को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ सरकार में जदयू कोटे के दो उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी व बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने शपथ ली थी। विधायकों की संख्या के अनुसार बिहार में मंत्रिपरिषद के सदस्यों की अधिकतम संख्या 36 हो सकती है। सम्राट चौधरी के सीएम बनने के 21 दिन बाद मंत्रिमंडल विस्तार हो रहा है। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती रहेगी। पुलिस मुख्यालय के स्तर से सुरक्षा इंतजामों की निगरानी की जा रही है। भीड़ नियंत्रण को लेकर भी उपाय किए गए हैं। सुबह आठ बजे से तीन बजे तक एयरपोर्ट और गांधी मैदान जाने वाले सभी मार्गों को बंद कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक रास्ते से आने-जाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *