बिहार में गया पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान गौतम कुमार के रूप में हुई है। उसके पास से विभिन्न कंपनियों के 47 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस को साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई से सूचना मिली थी कि एनसीआरपी (नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल) पर निवेश (इन्वेस्टमेंट) स्कैम से संबंधित शिकायतें दर्ज हुई हैं। जांच में पता चला कि देश के विभिन्न राज्यों से दर्ज 22 शिकायतों में करीब दो करोड़ 91 लाख 18 हजार 286 रुपये की साइबर ठगी की गई है। तकनीकी जांच के दौरान यह भी सामने आया कि ठगी में इस्तेमाल किए गए 11 संदिग्ध मोबाइल नंबर एक ही प्वाइंट आफ सेल (पीओएस) से जारी किए गए थे, जिनकी लोकेशन गया जिले में मिली। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के निर्देश पर साइबर थाना डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम अमारूत गांव पहुंची। छापेमारी के दौरान एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। आरोपित के घर की तलाशी लेने पर एयरटेल के 43 नए पैक सिम कार्ड, जियो के दो नए और दो पुराने सिम कार्ड समेत कुल 47 सिम कार्ड बरामद किए गए। पूछताछ में गौतम ने स्वीकार किया कि वह गांव के गरीब और कम शिक्षित लोगों के नाम पर सिम कार्ड जारी कराता था। बाद में उनकी जानकारी के बिना उन सिम कार्डों को सक्रिय कर एक-दो दिनों तक अपने पास रखता और फिर उन्हें साइबर ठगी करने वाले गिरोह के सदस्यों तक पहुंचा देता था। पुलिस ने बरामद सभी सिम कार्ड जब्त कर साइबर थाने में आरोपित के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
