April 1, 2026
image

बिहार शरीफ के मघड़ा स्थित शीतला देवी मंदिर में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया. माता शीतला अष्टमी के मौके पर भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मच गई. इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की खबर सामने आई है. जबकि कई लोग घायल हो गए हैं. घायलों को इलाज के लिए बिहार शरीफ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पावापुरी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान एक अन्य व्यक्ति की भी मौत हो गई. अब सवाल उठ रहा है कि आखिर मंदिर में भगदड़ क्यों मची?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक धक्का-मुक्की शुरू हुई और लोग गिरने लगे. कुछ लोग बेहोश हो गए, जबकि कई लोग भीड़ में दब गए. हालात इतने खराब हो गए कि लोगों को अपने परिजनों को ढूंढने में भी परेशानी हुई. घटना के बाद प्रशासन ने मंदिर को बंद करा दिया और मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. अधिकारी हालात को नियंत्रित करने में जुटे हैं.
जानकारी के मुताबिक हर मंगलवार को शीतला मंदिर में पूजा और मेला लगता है. इस बार चैत्र महीने का आखिरी मंगलवार था. लिहाजा श्रद्धालुओं की भीड़ सामान्य दिनों से कहीं ज्यादा हो गई. बड़ी संख्या में लोग पटना और आसपास के इलाकों से भी दर्शन के लिए पहुंचे थे.
मंदिर परिसर छोटा होने के कारण इतनी भीड़ को संभालना मुश्किल हो गया. लोगों में पहले दर्शन करने की होड़ मच गई.
लाइन में खड़े होने की बजाय लोग आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे. इसी अफरा-तफरी में भगदड़ की स्थिति बन गई.
स्थानीय लोगों का कहना है कि वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं थे.
कई श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात नहीं था.
बताया जा रहा है कि उसी दिन नालंदा में राष्ट्रपति के बड़े कार्यक्रम के कारण प्रशासन का ध्यान दूसरी जगह लगा हुआ था.
बिहारशरीफ के शीतला माता मंदिर में हुई भगदड़ को सरकार ने गंभीरता से लिया है. सूत्रों के मुताबिक, बिहार सरकार ने मुख्य सचिव को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं. साथ ही घायलों के बेहतर इलाज और हालात को जल्द सामान्य करने को कहा गया है.स्थिति को संभालने के लिए पटना के कमिश्नर को बिहारशरीफ भेजा गया है.मुख्यमंत्री ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों को आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से 4 लाख रुपये और मुख्यमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये देने की घोषणा की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *