March 27, 2026
rg

केंद्र सरकार ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमले के बाद उनकी सुरक्षा को और कड़ी करते हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की जेड श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा में अब दिल्ली पुलिस के साथ-साथ सीआरपीएफ के जवान भी तैनात रहेंगे। यह जानकारी आधिकारिक सूत्रों ने दी है।

इसी बीच दिल्ली के सातों भाजपा सांसदों- रामवीर सिंह बिधूड़ी, बांसुरी स्वराज, हर्ष मल्होत्रा, मनोज तिवारी, प्रवीण खंडेलवाल, कमलजीत सहरावत और योगेंद्र चंदेलिया ने आज मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से उनके आवास पर जाकर उनका कुशलक्षेम पूछा। यह जानकारी सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी एक एक्स पोस्ट में दी। सांसदों ने कहा कि पिछले छह महीनों में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा किए जा रहे बड़े—बड़े कार्यों से जहां वह जनता में विकास की देवी के रूप में प्रतिष्ठा प्राप्त कर रही हैं, वहीं कुछ लोगों को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं हल करने का अंदाज रास नहीं आ रहा। सातों सांसदों ने रेखा गुप्ता के बुलंद हौसलों और विकास के रास्ते पर चलने के अडिग इरादे की प्रशंसा की।

सांसदों ने मुख्यमंत्री के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ करके जनता के बीच आने की कामना की। रेखा गुप्ता ने भी कहा कि ऐसे हमले उनके दृढ़ विश्वास और दिल्ली के विकास के जुनून को कम नहीं कर सकते। मुख्यमंत्री पर हमले के आरोपित राजेश भाई खिमजी भाई सकरिया को तीस हजारी कोर्ट ने बुधवार रात पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *