टिकारी प्रखण्ड कार्यालय के पीछे प्रकाश उत्सव मैरेज हाॅल में छापेमारी कर पुलिस ने अनैतिक कार्य का गुरुवार को भंडाफोड़ किया।
पुलिस ने देह व्यापार (सेक्स रैकेट) में संलिप्त 6 महिला और 5 युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। हाॅल के संचालक सहित दो लोगों को हिरासत में लिया है। छापेमारी के बाद मैरेज हाॅल को सील कर दिया है। मामले में गुप्त सूचना के आधार पर एसडीएम प्रवीण कुंदन और एसडीपीओ सुशांत कुमार चंचल के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन कर मैरेज हाल पर छापेमारी की कार्रवाई की गई।
इस क्रम में जैसे ही पुलिस की टीम हाॅल के अंदर पहुंची, वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार छापेमारी के दौरान अलग-अलग कमरों से 6 महिलाएं और 5 युवक संदिग्ध अवस्था में पाया गया।
पुलिस ने मौके से कई आपत्तिजनक सामग्री, मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की है। पकड़े गए युवक व महिला आसपास के इलाकों के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए मैरेज हाल के संचालक व एक कर्मचारी को भी गिरफ्तार किया है। उन पर आरोप है कि वे मोटे मुनाफे के लालच में इस अनैतिक धंधे को सुनियोजित तरीके से चला रहे थे। पुलिस की पूछताछ में बताया कि पैसों का लालच देकर महिलाओं को देह व्यापार के लिए बुलाया जाता था। पुलिस ने एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया है।
एसडीपीओ सुशांत कुमार चंचल ने बताया कि लगातार सूचना मिल रही थी कि हाॅल में अनैतिक कार्य का धंधा चल रहा है। इसके आलोक में छापेमारी की गई। संचालक सहित सभी के विरुद्ध विधि संगत कार्रवाई की जा रही है।
मैरेज हाल को सील कर कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब पकड़े गए आरोपितों के मोबाइल कॉल का रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि इस गिरोह के मास्टरमाइंड को पुलिस पकड़ सके।
