बिहार में आज (31 अक्टूबर, शुक्रवार) को मौसम बहुत खराब रहने के आसार हैं। राज्यभर में गरज-तड़क के साथ बारिश होने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी है। वहीं अररिया, किशनगंज, मुंगेर, बांका एवं सुपौल जिले के कुछ स्थान पर बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। इसके साथ ही भागलपुर, जमुई, दरभंगा और मधुबनी जिले के एक-दो स्थानों पर भारी बरसात का अलर्ट है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार से बादल छंटने का अनुमान है। इस कारण बादल छंटते ही न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। इससे सुबह और शाम के समय लोगों को ठंड का एहसास होगा। इधर, गुरुवार को पटना सहित राज्य के 20 जिलों में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश हुई। इस दौरान पश्चिमी चंपारण में सबसे अधिक 13.4 मिलीमीटर बारिश हुई।
पटना में आज बादल छाए रहेंगे:
राजधानी पटना में शुक्रवार को बादल छाए रहेंगे। इस दौरान जिले के एक या दो स्थानों पर गरज-तड़क के साथ बारिश होने के भी आसार हैं। वहीं गुरुवार को भी राजधानी में लगातार दूसरे दिन सुबह से ही बादल छाए रहे। इस दौरान रुक-रुक कर बूंदाबांदी और हल्के स्तर की बारिश होती रही। इस कारण न्यूनतम तापमान में 3.1 और अधिकतम तापमान में 4.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। पटना का अधिकतम तापमान 24.8 और न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी में 3.4 मिलीमीटर बारिश हुई। तापमान गिरने के कारण विशेष कर खुले आसमान के नीचे आने पर लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है।
