March 20, 2026
WhatsApp Image 2026-03-20 at 10.56.45 AM

रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को किफायती दर पर स्वच्छ पेयजल के लिए वाटर वेंडिंग मशीन लगाई गई है। मगर पटना जंक्शन सहित 18 स्टेशनों की मशीन बंद पड़ी है। ऐसे में यात्रियों को शुद्ध पेयजल के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं यात्रियों को स्टॉल से पानी 15 रुपये प्रति लीटर खरीदकर पीना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, कई स्टेशनों की वाटर वेंडिंग मशीनों का अनुबंध पूर्ण हो गया है। इसी कारण नियमानुसार संचालन बंद कर दिया गया है। इसे पुनः शुरू करने के लिए 13 फरवरी को ई-‘निविदा आयोजित की गई थी। इसमें लोग शामिल नहीं हुए। इस कारण दोबारा इस माह यानी मार्च के अंत तक निविदा निकालने को लेकर तैयारी की जा रही है।
10 का पानी 15 रुपये में: रेल यात्रियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए रेलवे स्टेशनों पर वाटर वेंडिंग मशीन का संचालन शुरू हुआ था। रेल यात्री अगर खुद की बोतल लेकर आते हैं, तो उन्हें पांच से सात रुपये में एक लीटर पानी मिलता है। वहीं अगर यात्री नई बोतल में एक लीटर पानी लेते थे, उन्हे 10 रुपये देना पड़ता था। लेकिन मशीन खराब रहने के कारण वेंडर को मजबूरन 15 रुपये देकर पानी खरीदना पड़ रहा है, जबकि पानी की कीमत 14 रुपये है। रेलवे प्रशासन की उदासीनता के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है
स्टेशनों पर जल्द सुविधा बहाल की जाए : ईसीआरकेयू

ईसीआरकेयू के शाखा सचिव विजय कुमार और मिडिया प्रभारी एके शर्मा ने बताया कि पटना जंक्शन स्थित विभिन्न कार्यालयों जैसे बुकिंग, आरक्षण, पार्सल, कैरेज, इलेक्ट्रिक, आरआरआई, इंजीनियरिंग, ओपरेटिंग, एसएनटी सहित अन्य
कार्यालय में पेयजल की व्यवस्था नहीं हैं। गर्मी की शुरुआत हो चुकी है। कर्मचारी बाहर से पानी खरीद कर लाने को मजबूर है। प्लेटफॉर्म पर जो भी वेंडिंग मशीन है, वो कई दिनों से खराब है। यूनियन ने रेल प्रशासन से जल्द मशीन चालू करने की मांग की है।

इन स्टेशनों पर मशीन बंद है |

दानापुर मंडल के 18 स्टेशनों की वाटर वेंडिंग मशीन बंद है। इस कारण दिलदारनगर, बक्सर, डुमरांव, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, राजेंद्रनगर टर्मिनल, पटना जंक्शन, पटना साहिब, बख्तियारपुर, बिहारशरीफ, राजगीर, बाद, हाथीदह, लखीसराय, किऊल, जमुई एवं झाझा स्टेशनों के यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *