March 27, 2026
image (3)

गया जिले के गया-गोह मुख्य सड़क मार्ग पर सोमवार को सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना चंदौती थाना क्षेत्र के केवाली गांव स्थित बीपी आजाद बीएड कालेज के पास हुई, जहां दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। मृतकों की पहचान चंदौती थाना के धर्मपुर गांव निवासी जितेंद्र चौधरी के 22 वर्षीय पुत्र अक्षय कुमार उर्फ कारू और बेलमा गांव निवासी भोली साव के 25 वर्षीय पुत्र सुभाष कुमार के रूप में हुई है। दोनों युवक शादीशुदा थे और अपने-अपने परिवार के कमाऊ सदस्य थे। सुभाष घर का इकलौता लड़का था, और उसकी पत्नी सोनम गर्भवती बताई जाती है। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने घटना स्थल पर मुख्य सड़क जाम कर कुछ देर तक हंगामा किया। इसकी सूचना पर पहुंची चंदौती थाने की पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद वाहनों का परिचालन सामान्य हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अक्षय कुमार उर्फ कारू के भाई की शादी पिछले माह हुई थी, जिसमें उसे यामहा हाईस्पीड बाइक मिली थी। उसी बाइक को लेकर अक्षय पंचानपुर जा रहा था। ट्रक को ओवरटेक करते समय उसकी गाड़ी सामने आ रही प्लसर 180 बाइक से सीधी टक्कर हो गई। लोगों का कहना है कि बाइक की स्पीड काफी तेज थी, जिसके कारण विपरीत दिशा से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। अधिक स्पीड के कारण दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। सड़क पर गाड़ी का इंजन छोड़कर सभी टुकड़े बिखरे पड़े थे, जिन्हें पुलिस ने संग्रह कर चंदौती थाने लाया है। पुलिस ने बताया कि दोनों मोटरसाइकिल में से एक चालक ने हेलमेट पहनने की खानापूर्ति की थी। हेलमेट का बेल्ट नहीं लगाया गया था, जिससे वह टक्कर के समय सिर से निकलकर सड़क पर गिर गया। यदि हेलमेट का बेल्ट लगा होता, तो शायद उसकी जान बच सकती थी।

दूसरे मोटरसाइकिल चालक ने हेलमेट नहीं पहना था। चंदौती थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंप दिया गया है। दोनों आश्रितों को नगर प्रखंड के सीओ द्वारा पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20-20 हजार रुपये का चेक दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *