April 3, 2026
image (2)

मेहसौल थाना क्षेत्र स्थित साहू चौक पर गुरुवार को एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान डुमरा थाना क्षेत्र के रिखौली गांव निवासी भरत मंडल के पुत्र विक्रम मंडल के रूप में हुई है। बताया जाता है कि विक्रम मंडल मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और साहू चौक में किराए के मकान में रह रहा था। गुरुवार को पड़ोस की एक युवती से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि तीन युवतियों ने मिलकर उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में विक्रम गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मेहसौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
थानाध्यक्ष मोहम्मद असदुल्लाह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला मारपीट का है, जिसके कारण युवक की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि अब तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। अधिकारियों का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *