स्कोडा ऑटो इंडिया ने वर्ष २०२६ की पहली तिमाही जनवरी-मार्च में अपनी अब तक की सबसे अधिक त्रैमासिक बिक्री दर्ज कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। कंपनी ने इस अवधि के दौरान २०,०२८ यूनिट्स की बिक्री की, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में बेची गई १७,१३८ कारों की तुलना में १७ प्रतिशत की शानदार वृद्धि दर्शाती है। २०२५ के ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद भी स्कोडा ने अपनी विकास की गति को बरकरार रखा है, जिससे भारतीय बाजार में कंपनी की पैठ और अधिक मजबूत हुई है।
इस सफलता का मुख्य श्रेय स्कोडा ‘काईलैक’ की जबरदस्त मांग को दिया जा रहा है, जिसने हाल ही में ५०,००० बिक्री का आंकड़ा पार किया है। इसके साथ ही नई ‘कुशाक’ की शुरुआत, ‘स्लाविया’ के स्थिर योगदान और प्रीमियम एसयूवी सेगमेंट में ‘कोडिऐक’ की निरंतर मांग ने इस वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। स्कोडा ऑटो इंडिया के ब्रांड डायरेक्टर आशीष गुप्ता ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह तीव्र विकास पिछले एक वर्ष में बनाए गए मजबूत आधार का प्रमाण है और कंपनी भविष्य में भी नए मानक स्थापित करना जारी रखेगी।
