April 10, 2026
image (2)

मुशहरी थाना क्षेत्र के प्रहलादपुर गांव में गुरुवार की दोपहर करीब एक बजे भूमि विवाद में मारपीट व तनाव की सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस टीम पर एक पक्ष ने हमला कर दिया।
दारोगा की वर्दी फाड़ने के साथ उनकी पिटाई की गई। कालर पकड़ नेम प्लेट तोड़ दी। कुदाल लेकर दौड़े हमलावरों में एक युवक पुलिस वाहन की चाबी छीनकर भाग निकला।
चाबी के लिए दौड़ने के क्रम में पुलिस चालक को भी पीटा गया। सूचना पर थानाध्यक्ष और बड़ी संख्या में पुलिस बल के पहुंचने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। घायल दारोगा व पुलिस चालक को इलाज के लिए भेजा गया है। घायल दारोगा जयकिशोर सिंह ने बताया कि प्रहलादपुर में तीन कट्ठा जमीन को लेकर राजीव रंजन और बिरजू पासवान के बीच विवाद चल रहा है।
अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी के न्यायालय से उस जमीन पर निर्माण कार्य रोकने के लिए निषेधाज्ञा लागू की गई थी। इसके बावजूद बिरजू पासवान की ओर से निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इस कारण मारपीट व तनाव की सूचना पर डायल-112 की टीम पहुंची।
पुलिस को देखते ही एक पक्ष के लोगों ने हमला बोल दिया। दारोगा ने जब कुदाल छीना तो पवन पासवान और सिंधु देवी ने कालर पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। नेम प्लेट तोड़कर उनकी वर्दी फाड़ डाली।

इसी बीच एक युवक पुलिस की गाड़ी का चाबी निकालकर भाग गया। चाबी लेने के लिए दौड़े चालक की जमकर पिटाई कर दी गई। इससे चालक घायल हो गया। इसके बाद मौके से दारोगा ने मुशहरी थानाध्यक्ष सुबोध कुमार मेहता को फोन कर मामले की सूचना दी। थानाध्यक्ष व बड़ी संख्या में पुलिस बल के प्रहलादपुर पहुंचने पर पुलिस वाहन की चाबी मिल सकी। पुलिस के अनुसार भीड़ में हरवे हथियार से लैस कई असामाजिक तत्व नशे में थे। इधर, मारपीट में एक पक्ष के राजीव रंजन और उनकी मां वीणा देवी घायल हैं। उन्होंने ग्रामीण पवन पासवान, प्रभु पासवान, सिंधु देवी व बिरजू पासवान पर लाठी-डंडे से लैस होकर पिटाई करने और सोने की चेन छीनने का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में दो गुटों में तनाव व्याप्त है। दूसरे गुट के प्रभु पासवान ने बताया कि पुलिस ने आते ही उसके भाई पवन के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी कारण इस तरह की घटना हुई है। पवन का इलाज सदर अस्पताल मुजफ्फरपुर में चल रहा है। उसको काफी चोट आई है। उसने बताया कि वह उसकी निजी जमीन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *