April 10, 2026
JAMSDEHPUR

नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, आदित्यपुर के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग  ने ‘विश्व स्वास्थ्य दिवस’ के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष के वैश्विक अभियान की थीम “स्वास्थ्य के लिए एकजुट, विज्ञान के साथ” के अनुरूप संस्थान में विभिन्न शैक्षणिक और जागरूकता गतिविधियों का सफल संचालन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य रूप से कॉलेज के प्राचार्य, चिकित्सा प्रशासक-सह-निदेशक  एवं डीन एकेडमिक्स ने अन्य वरिष्ठ संकाय सदस्यों की उपस्थिति में किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने वर्तमान दौर में स्वास्थ्य को बढ़ावा देने और बीमारियों की रोकथाम के लिए ‘साक्ष्य-आधारित पद्धतियों’ और ‘सामूहिक प्रयासों’ के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विज्ञान और एकजुटता ही वे दो स्तंभ हैं जिनके माध्यम से एक स्वस्थ समाज की कल्पना साकार की जा सकती है।

विश्व स्वास्थ्य दिवस के जश्न को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए एमबीबीएस छात्रों के बीच पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पोस्टर मेकिंग के माध्यम से छात्रों ने आधुनिक चिकित्सा विज्ञान और स्वास्थ्य सुरक्षा के अंतर्संबंधों को कलात्मक रूप से दर्शाया, वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विज्ञान-आधारित स्वास्थ्य प्रणालियों के समर्थन में अपने प्रभावी विचार साझा किए। इस अवसर पर अध्यक्ष  मदन मोहन सिंह ने अपने शुभकामना संदेश में कहा, “एक मेडिकल संस्थान के रूप में हमारा यह दायित्व है कि हम न केवल भविष्य के डॉक्टर तैयार करें, बल्कि समाज को स्वास्थ्य के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए भी प्रेरित करें। सामूहिक प्रयास ही स्वास्थ्य चुनौतियों का स्थायी समाधान हैं।”

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. के.एन .सिंह  ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा, “विज्ञान पर विश्वास और एकजुट होकर कार्य करना ही स्वास्थ्य सेवाओं की सफलता का मूल मंत्र है। ऐसे आयोजनों से छात्रों में न केवल प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ती है, बल्कि वे समाज की स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति अधिक संवेदनशील और जागरूक बनते हैं।” कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के सभी शिक्षकों और कर्मचारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *