April 4, 2026
WhatsApp Image 2026-04-04 at 10.12.17 AM

शराबबंदी वाले बिहार के मोतिहारी में तुरकौलिया शराब कांड में मौत का सिलसिला जारी है। आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। बीती रात से अबतक तीन बीमार लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ मृतकों की संख्या चार हो गई है। इसके बाद प्रशासन ने कड़ा ऐक्शन लिया है। तुरकौलिया के थानेदार उमाशंकर मांझी को सस्पेंड कर दिया गया है तो परसौना के चौकीदार भरत राय को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मृतक प्रमोद यादव के भाई विनोद यादव की शिकायत पर धंधेबाज नागा राय को भी पकड़ लिया है। इलाके में छापेमारी जारी है। लगातार बढ़ रहे मौत के आंकड़े से इलाके में हड़कंप मचा है। बताया जा रहा है कि कई लोग शराब पीकर बीमार हैं जो कार्रवाई के डर से बता नहीं रहे हैं। प्रशासन की टीम उन्हें जानकारी देने की अपील कर रही ताकि उनकी जान बचाई जा सके। शुक्रवार को दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। इनमें तुरकौलिया परसौना दलित बस्ती के परीक्षण मांझी(45) की मौत सदर अस्पताल में व रघुनाथपुर के हल्दिया निवासी हीरालाल भगत की मौत शहर के एक निजी नर्सिंग होम में हो गई। जबकि बीती रात एक युवक की निजी क्लिनिक में मौत हो गई थी। मृत युवक तुरकौलिया थाने के शंकर सरैया परसौना गांव का प्रमोद यादव(32) था।वह दूध का कारोबार करता था। उसके परिजन ने जहरीली शराब पीने से मौत होने की बात कही है।

शव का देर रात पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंपा गया।इसके पूर्व तुरकौलिया जयसिंहपुर फुलवार निवासी ई रिक्शा चालक चंदू कुमार(22) की भी मौत हुई थी। अभी कुल सात लोगों का अलग अलग जगहों पर इलाज चल रहा है। जिसमें तीन रेफर किए गए हैं। वहीं सात लोग इलाज कराकर घर लौट गए हैं। मामले में एसपी स्वर्ण प्रभात ने तुरकौलिया थाने के एसएचओ उमाशंकर मांझी को निलंबित कर दिया है। वहीं परसौना के चौकीदार भरत राय को गिरफ्तार कर लिया गया है। सदर डीएसपी दिलीप कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया सभी के शराब सेवन की बात सामने आई है। मामले में शराब बिक्री में शामिल मुख्य आरोपी नागा राय सहित करीब बारह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। अभी कई लोगों को चिह्नित किया जा चुका है। उनकी तलाश की जा रही है।
इस बीच रघुनाथपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है। मृतक प्रमोद यादव के भाई विनोद यादव ने अपने भाई की जहरीली शराब पिलाकर हत्या का आरोप लगाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *