April 10, 2026
WhatsApp Image 2026-04-10 at 11.50.39 AM

जिले के कसबा प्रखंड से एक बेहद शर्मनाक और हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक प्रेमी जोड़े को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। घटना के दौरान सैकड़ों लोग मौके पर मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी इसका विरोध नहीं किया। बताया जा रहा है कि इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल बना हुआ है और लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। जानकारी के मुताबिक, यह मामला कसबा प्रखंड के गुरही पंचायत के वार्ड संख्या 9 का है। बताया जा रहा है कि युवती पहले से शादीशुदा है और वह दूसरे गांव के एक युवक के साथ प्रेम संबंध में थी।
बीती रात दोनों आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें देख लिया। इसके बाद मौके पर हंगामा खड़ा हो गया और देखते ही देखते भीड़ इकट्ठा हो गई। आरोप है कि वार्ड सदस्य ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद प्रेमी जोड़े को खंभे से बांध दिया गया और उनकी बेरहमी से पिटाई की गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक और युवती लगातार रहम की गुहार लगाते रहे, लेकिन वहां मौजूद किसी भी व्यक्ति ने उनकी मदद नहीं की। इस दौरान कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया। घटना का वीडियो अब तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह भीड़ के बीच दोनों को बांधकर पीटा जा रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोग पूछ रहे हैं कि आखिर जनप्रतिनिधि किस अधिकार से कानून को अपने हाथ में ले सकते हैं। घटना के बाद जनप्रतिनिधियों ने ही प्रेमी जोड़े को कसबा पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, इस मामले में अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
कसबा थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया कि उन्हें अब तक कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने के बाद वायरल वीडियो के आधार पर आरोपितों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *