गुरुवार को बिष्टुपुर स्थित श्रीराम मंदिर में हनुमान जयंती का पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति व उत्साह के साथ मनाया गया. सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण जय श्रीराम व जय बजरंगबली के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। सुबह के समारोह की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान हनुमान का अभिषेक, श्रृंगार व विशेष पूजन किया गया।
भक्तों ने हनुमान चालीसा, सुंदरकांड पाठ एवं भजन-कीर्तन में भाग लेकर अपनी श्रद्धा प्रकट की. इस दौरान मंदिर परिसर भक्ति रस में सराबोर नजर आया. पूजा के उपरांत भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया. आयोजन समिति की ओर से सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रूप से की गई थीं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
शाम के समय कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीराम का भव्य राज्याभिषेक रहा. मंदिर को विशेष रूप से फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया था. श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण व हनुमान जी की झांकी प्रस्तुत की गई, जिसने सभी भक्तों का मन मोह लिया. राज्याभिषेक की रस्म विधिवत रूप से संपन्न करायी गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
