खोड़ा थाना क्षेत्र के नवनीत विहार में रहने वाली चार माह की गर्भवती महिला की हत्या कर दी गई। महिला का शव रविवार को कमरे में पड़ा मिला और डेढ़ साल की बेटी शव से लिपटी हुई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
मृतका के पिता ने दामाद पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है। बिहार के नालंदा के रहने वाले सुनील केवट लोनी में रहकर मजदूरी करते हैं। उनका कहना है कि तीन साल पूर्व उन्होंने अपनी बेटी चांदनी देवी (26) की शादी खोड़ा निवासी विपिन केवट से की थी। पिछले करीब 15 दिन से चांदनी अपनी डेढ़ वर्ष की बेटी और पति के साथ खोड़ा की नवनीत विहार कॉलोनी में पूनम के घर में किराये पर रह रही थीं। रविवार रात पूनम ने चांदनी का शव कमरे में खून से लथपथ हालत में देखा। मौके पर मां के शव से डेढ़ साल की बेटी लिपटी हुई थी।
यह देखकर उन्होंने पड़ोसियों को बताया और बिहार फोन कर चांदनी की मां को जानकारी दी। इसके बाद सुनील केवट लोनी से खाड़ा पहुंचे। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सोमवार को पिता ने दामाद के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी।
