मुजफ्फरपुर में नाबालिग लड़की का शव आम के बगीचे में फंदे से लटका मिला है। गुरुवार शाम गांव में लगे मेले में जाने की तैयारी कर रही थी। इस बीच शाम छह बजे अचानक घर से लापता हो गई। देर रात तक परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
शुक्रवार सुबह ग्रामीण खेत की ओर जा रहे थे। इस बीच गांव के पास बगीचे में पेड़ से दुपट्टे के सहारे लड़की का शव लटका देखा। तत्काल इसकी सूचना मनियारी पुलिस को दी गई। घटना अमरख पंचायत की है। सूचना मिलते ही पुलिस और डीएसपी पश्चिमी (टू) अनिमेश चंद्र ज्ञानी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम को भी बुलाया। जिसने वैज्ञानिक तरीके से सबूत इकट्ठा किए। डीएसपी अनिमेश चंद्र ज्ञानी ने बताया कि मृतक लड़की की उम्र करीब 15 वर्ष है। गुरुवार शाम से लापता थी। प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस फिलहाल परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। ताकि यह पता लगाया जा सके कि मेले जाने की बात कहने वाली लड़की ने इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया। इसके पीछे कोई और कारण तो नहीं है।
