फारबिसगंज के मार्केटिंग यार्ड के पास गुरुवार को पिकअप चालक नबी हुसैन की हत्या एवं उन्मादी भीड़ द्वारा आरोपित रवि चौहान की पीट-पीटकर हत्या मामले में कई तरह की बातें लोगों के द्वारा कही जा रही है। लोगों के द्वारा यह भी कहा जा रहा है कि विवाद का कारण मामूली बात है। ठेले के नीचे ही बैठकर दोनों धूम्रपान करते हैं और इस दौरान दोनों में मारपीट शुरू हो जाती है।
बताया जा रहा है कि पिकअप चालक ने पूछा- सत्तू वाली का क्या हाल है, इसी बात को लेकर दोनों में विवाद बढ़ा और घटनाक्रम में दोनों की जान चली गई। वहीं, लोगों की मानें तो सत्तू बेचने वाला रवि चौहान एवं पिकअप चालक नबी हुसैन में पुरानी जान-पहचान थी।
मार्केटिंग यार्ड की गेट संख्या-दो के समीप रवि ठेला लगाकर सत्तू बेचता था, जबकि नबी पिकअप से सब्जी सहित अन्य सामान लोड करता था। नबी वहां प्राय: सत्तू भी पिया करता था, लेकिन एक हल्के मजाक में विवाद इतना बढ़ा की दोनों की जान चली गई। घटनाक्रम की चर्चा पूरे शहर में हो रही है।
