पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में बच्चा च.ोरी का मामला सामने आया है। एक नवजात शिशु को जन्म के महज तीन घंटे बाद चुराने का प्रयास किया गया। इस घटना से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। हालांकि, परिजनों, पीएमसीएच सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से आरोपी महिला को अस्पताल के गेट के पास से पकड़ लिया गया और बच्चा सकुशल बरामद कर लिया गया। यह घटना सोमवार को प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में हुई। खुद को रिश्तेदार बताया, फिर नवजात को लेकर निकली बुद्ध मार्ग, कमला नेहरू नगर बस्ती की एक महिला को सुबह भर्ती कराया गया था, जिसने 8:05 बजे बेटे को जन्म दिया। पति के कुछ देर के लिए बाहर जाने पर प्रसूता वार्ड में अकेली थी।
इसी दौरान वार्ड में मौजूद जैकी कुमारी नामक महिला ने खुद को रिश्तेदार बताकर प्रसूता का विश्वास जीता। दोपहर करीब 1 बजे जब प्रसूता सो गई तो आरोपी महिला ने नवजात को गोद में लिया और कपड़े में छिपाकर वार्ड से बाहर निकल गई। कुछ मिनटों बाद जब पति लौटे और बच्चे को गायब देखा, तो वार्ड में हंगामा मच गया।
सूचना मिलते ही PMCH पुलिस सक्रिय हुई और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में एक महिला संदिग्ध हालत में झाड़ियों की ओर जाती दिखी, जिसके हाथ में कपड़े में लिपटी नवजात थी। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों और परिजनों ने उसे गेट के आगे दुर्गा मंदिर के पास धर दबोचा। गुस्साई भीड़ ने उसकी पिटाई भी की, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
