March 3, 2026
police

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मुरादाबाद गांव में पाक्सो एक्ट के एक वारंटी समेत दो को पकड़ने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने बुधवार को ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। ग्रामीण दोनों वारंटी को भी पुलिस के कब्जे से छुड़ा ले गए। हमले में एक दारोगा समेत चार पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। इनमें एक महिला पुलिसकर्मी भी शामिल है। सभी का उपचार सदर अस्पताल, सासाराम में कराया गया। सभी खतरे से बाहर बताए जाते हैं।

इस मामले में पुलिस ने मुफस्सिल थाना में 20 लोगों पर प्राथमिकी कराई है। एसपी रौशन कुमार ने कहा कि हमलावरों की पहचान कर हर हाल में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुफस्सिल थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि पुलिस वारंटी शाहिद कुरैशी व पास्को एक्ट के आरोपित खलील कुरैशी को गिरफ्तार करने मुरादाबाद गांव में गई थी। पुलिस जब दोनों को गिरफ्तार कर थाने ले जा रही थी, उसी दौरान उनके परिवार के सदस्य व ग्रामीणों ने पुलिस जवानों के साथ हाथापाई के साथ पथराव कर दिया। पुलिस बैकफुट पर आई तो दोनों वारंटियों को छुड़ा लिया।

पथराव में सब इंस्पेक्टर शत्रुघ्न सिन्हा, हवलदार राजेंद्र सिंह, जवान सुनील कुमार व महिला पुलिसकर्मी सुनीता कुमारी जख्मी हो गई हैं। हवलदार राजेंद्र सिंह को अधिक चोट आई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि छापेमारी करने गई पुलिस टीम हेलमेट व बाडी प्रोटेक्टर पहने हुई थी, इस कारण गंभीर चोट से बच गई। पुलिस के वरीय अधिकारियों ने इस हमले को काफी गंभीरता से लिया है। बीस नामजद समेत कई अज्ञात पर प्राथमिकी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *