October 14, 2025
BIHAR

कुर्था-शकुराबाद मार्ग पर बुधवार की सुबह बस की छत पर सवार दो यात्री करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों में मानिकपुर थाना क्षेत्र के मानिकपुर बाजार निवासी शिवनाथ चंद्रवंशी और गया जिले के टिकारी थाना क्षेत्र के चिरैली गांव निवासी बिगन मांझी शामिल हैं। घटना के बाद अफरातफरी मच गई। गया से कुर्था आ रही गोविंदम नामक बस शकुराबाद मोड़ पर शिवमंदिर के समीप रुककर यात्रियों को उतार रही थी, वहां उपर से गुजर रहा 11 हजार केवी के नंगे तार की ऊंचाई कम थी, इस कारण दो यात्री करंट की चपेट आ गए।

एक यात्री करंट के झटके से बस से नीचे गिर पड़ा, जबकि दूसरा छत पर ही अटका रहा। इस दृश्य को देखकर बस में सवार अन्य यात्रियों में हड़कंप मच गया और वे जान बचाने के लिए हड़बड़ी में बस से उतर गए। बस में यात्रियों की संख्या कम थी, अन्यथा कई लोग चोटिल हो सकते थे। ग्रामीणों की सूचना पुलिस को दी। कुर्था थाना अध्यक्ष समीर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बिजली व परिवहन विभाग सवालों के घेरे में कुर्था (अरवल): कुर्था में बस की छत पर सवार दो यात्रियों के करंट से झुलसने की घटना के बाद बिजली और परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

कुर्था में सड़क किनारे नंगे बिजली के तार लटक रहे हैं, जो रिहायशी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति के नियमों का उल्लंघन है। इन तारों के बिना कवर के रहने से भविष्य में भी ऐसी दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। यह घटना कुर्था नगर पंचायत के एक व्यस्त क्षेत्र में हुई, जहां स्थानीय लोग पहले भी नंगे तारों के खिलाफ आवाज उठा चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उनके मकानों की छतों पर भी नंगे तार गुजर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *