
फुलवारी के हिंदुनी गांव में मंगलवार तड़के साढ़े तीन बजे डकैती कर भाग रहे बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दो डकैत मारे गए और 3 फरार हो गए। एक को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, गोली लगने से गंभीर घायल गौरीचक के दारोगा को एम्स में भर्ती कराया गया। मामूली रूप से घायल चार पुलिसकर्मी पीएमसीएच में भर्ती हैं।
मारे गए दोनों डकैत नालंदा के करायपरसुराय के सेंधा बिगहा निवासी विवेक और वहीं के खानपुरा का लाल दहिन उर्फ बुढ़वा थे। घायल दारोगा विवेक प्रसाद झारखंड के हैं। एक गिरफ्तारः नालंदा के चिकसौरा क्षेत्र के भवानी बिगहा निवासी डकै मंटू कुमार पकड़ा गया। वह अपराधियों की पिकअप वैन चलाता था।
हाल के दिनों में गौरीचक, फुलवारी, बेऊर, परसा बाजार, फतुहा आदि ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हुई डकैती के बाद पुलिस अलर्ट थी। इसी बीच डकैतों के नालंदा से आने की खबर पर पटना पुलिस की स्पेशल सेल और पांच थानों की पुलिस हिंदुनी पहुंची। वहां डकैतों की पिकअप वैन के चालक को पकड़ पुलिसवाले वैन में ही बैठ गए। डकैती कर वैन की ओर लौटे बदमाशों ने पुलिस को देख फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो को गोली लगी। मौके से 20 खोखे, दो पिस्टल, चार गोलियां भी बरामद की गई है।