March 2, 2026
dm

डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम व एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने होली पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रविवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें जिले में 607 संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर 109 वरीय दंडाधिकारियों के नेतृत्व में 659 मजिस्ट्रेट को प्रतिनियुक्त किया गया है। इनके साथ पुलिस पदाधिकारियों, सशस्त्र व लाठी बल को लगाया गया है। होली के दौरान किसी भी प्रकार की विधि व्यवस्था में गड़बड़ी नहीं हो इसके लिए सभी दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया।
अधिकारियों ने इंटरनेट मीडिया मॉनिटरिंग सेल को सक्रिय कर अफवाहों का त्वरित खंडन करते हुए असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। सार्वजनिक स्थलों पर भीड़ प्रबंधन, ड्रोन, CCTV व वीडियो कैमरों से निगरानी व सघन गश्ती का निर्देश दिया गया। डीएम व एसएसपी ने आमजन से शांति, भाईचारे व सुरक्षित ढंग से होली मनाने व किसी भी संदेहास्पद सूचना की जानकारी तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष या डायल 112 में देने की अपील की है। डीएम व एसएसपी ने दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी और सतर्कता मूलक कार्रवाई करते हुए अफवाहों का त्वरित खंडन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विधि व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाए।
पटना सदर अनुमंडल में 94, पटना सिटी अनुमंडल में 163, दानापुर अनुमंडल में 69, बाढ़ अनुमंडल में 144, मसौढ़ी अनुमंडल में 58 व पालीगंज अनुमंडल में 79 स्थानों पर मजिस्ट्रेट व पुलिस अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
इसके अलावा जिला नियंत्रण कक्ष में 33, पटना सिटी अनुमंडल में 16 दंडाधिकारियों, मसौढ़ी अनुमंडल नियंत्रण कक्ष में 28, पालीगंज अनुमंडल में 7, बाढ़ अनुमंडल 9 व दानापुर अनुमंडल के नियंत्रण कक्ष में 41 दंडाधिकारियों को तीन पालियों में सुरक्षित रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *