June 17, 2025
patna

चौक थाना क्षेत्र के मंगल तालाब, मनोज कमलिया स्टेडियम में शुक्रवार की सुबह दौड़ लगाने के दौरान एक युवक की मौत हो गई। वह दारोगा बहाली के लिए नियमित रूप से स्टेडियम में दौड़ लगाता था। इस घटना से स्टेडियम में हड़कंप मच गया। युवक की पहचान मधुबनी जिले के पंडौल थाना क्षेत्र के करहगोरिया गांव निवासी अशर्फी राउत का 26 वर्षीय पुत्र संजय कुमार के रूप में हुई है।

संजय वर्तमान में चौक थाना क्षेत्र के पटना साहिब स्टेशन के पास किराए के कमरे में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। उसके दोस्तों ने बताया कि दारोगा बहाली परीक्षा को लेकर संजय नियमित रूप से स्टेडियम में दौड़ लगाता था। शुक्रवार की सुबह दौड़ने के क्रम में ही वह अचानक गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने उसे उठाया तो देखा कि उसकी मौत हो चुकी है। मौके पर पहुंची चौक पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एनएमसी भेज दिया। पुलिस का कहना है कि संभवतः ठंड लगने से उसकी मौत हुई है। वैसे पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चलेगा। घटना की सूचना परिजनों को दी गई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह एक युवक ट्रैक सूट पहने स्टेडियम में दौड़ लगा रहा था। वह अचानक गिर पड़ा। उसे गिरा देखकर आसपास के लोग दौड़े और उसे उठाने का प्रयास किया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। संजय का दोस्त प्रभात कुमार राज ने बताया कि पुलिस द्वारा मिली सूचना पर जब वह यहां पहुंचे तो देखा कि वह मृत पड़ा है। उन्होंने बताया कि संजय नियमित रूप से सुबह दौड़ लगाने आता था। वह पढ़ाई के प्रति काफी गंभीर था। घटना की सूचना उसके परिजनों को भेज दी गई है पुलिस को परिजनों के आने का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *