फरवरी माह के अंतिम सप्ताह में दक्षिण बंगाल के मौसम में एक बार फिर बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि अगले 24 घंटों के दौरान मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा, लेकिन सोमवार से राज्य के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में हल्की तो कुछ स्थानों पर मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है।
अलीपुर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 23 और 24 फरवरी को दक्षिण बंगाल के विस्तृत क्षेत्रों में बारिश होने की प्रबल संभावना है। विशेष रूप से झाडग़्राम, पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा और दक्षिण 24 परगना में बादलों के गरजने के साथ वर्षा हो सकती है। इसके अलावा हावड़ा, हुगली और महानगर कोलकाता में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार जताए गए हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि वर्तमान में बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और स्थानीय वायुमंडलीय परिस्थितियों के कारण यह बदलाव देखने को मिलेगा। अगले 24 घंटों तक शुष्क मौसम रहने के बाद सोमवार से आसमान में बादलों का डेरा रहेगा, जिससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि, बारिश का यह दौर गुजरने के बाद एक बार फिर मौसम के शुष्क होने का अनुमान है। मौसम में अचानक आने वाले इस बदलाव को देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने दक्षिण बंगाल के किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
विशेषकर मेदिनीपुर और बांकुड़ा जैसे कृषि प्रधान जिलों में तैयार फसलों और सब्जियों को बारिश से सुरक्षित रखने के उपाय करने को कहा गया है। महानगर में बारिश होने से उमस और गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन यह मौसमी फेरबदल स्वास्थ्य के प्रति सावधानी बरतने का भी संकेत दे रहा है।
