खगड़िया पुलिस की सूचना पर मधेपुरा के ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र के श्याम गांव वार्ड संख्या 12 में छापेमारी कर गांजा तस्कर फूलचंद मंडल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के घर से कुल 3.5 किग्रा गांजा और 9,39,250 रुपये नकद बरामद किया। इसके साथ ही एक मोबाइल, बाइक और एक तराजू भी जब्त किया गया। यह कार्रवाई चौथम थाना की पुलिस द्वारा पकड़े गए युवक की निशानदेही पर की गई। पकड़े गए युवक ने पुलिस को बताया कि उसने गांजा खरीदने के लिए फूलचंद मंडल से संपर्क किया था। इसकी सूचना चौथम थाना पुलिस ने मधेपुरा पुलिस को दी। इसके बाद ग्वालपाड़ा थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए कार्रवाई का नेतृत्व किया। एसपी संदीप सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने आरोपित के घर पर छापेमारी की और गांजा सहित अन्य सामान बरामद किया। एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि आरोपित फूलचंद मंडल पुत्र कारीलाल मंडल को विधिवत गिरफ्तार किया गया है और ग्वालपाड़ा थाना में उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मामले में अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। एसडीपीओ ने यह भी बताया कि पिछले वर्ष सहरसा के पस्तपार थाना में भी आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज है। फिलहाल उसके अपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। इस अभियान में सर्किल इंस्पेक्टर संतोष कुमार गुप्ता, पुअनि उपेन्द्र कुमार, सअनि तमजीद अहमद, सअनि ब्रजेश कुमार और मनोज कुमार समेत चौथम थाना की पुलिस और सशस्त्र बल के सिपाही शामिल थे। टीम ने आरोपित के घर की संपूर्ण तलाशी ली और गांजा के साथ नकदी और अन्य सामान बरामद किया। एसडीपीओ ने बताया कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशे की तस्करी पर कड़ी चोट लगी है। अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति या घर में नशीले पदार्थों की गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। यह कार्रवाई खगड़िया और मधेपुरा पुलिस के बीच समन्वय और सतर्कता का उदाहरण मानी जा रही है।
